Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के कुख्यात दनुआ घाटी में एक अनियंत्रित टेलर ने ऑल्टो कार (JH 10 AL 1911) को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि कार लोहे के मलबे में बदल गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पूरा परिवार अंदर ही फंस गया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
धनबाद से गया जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, धनबाद के सिजुआ में रहनेवाले अजीत कुमार अपने परिवार के साथ कार से गया की ओर जा रहे थे। घाटी के खतरनाक मोड़ और तेज रफ्तार ने मिलकर एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में तबाह कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही चौपारण के थानेदार सरोज सिंह चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किये खुद रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बीच जब नन्ही प्रियंका कुमारी को थानेदार ने सुरक्षित बाहर निकाला, तो वहां मौजूद हर आंखों में आंसू छलक आये। NHI की एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र चौपारण पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद घाटी में अफरा-तफरी और मातम का माहौल छा गया।





