Ranchi(Akhilesh) : गुजरे 5-6 साल से चोरी-छिपे अपने आशिक जगाई मुंडा से मिलने वाली अंजु देवी ने जब मिलना-जुलना छोड़ दिया तो जगाई मुंडा का पारा गरम हो गया। वह प्रतिशोध की आग में धधकने लगा। दोनों की आखिरी मुलाकात बीते 1 मार्च को मेसरा रेलवे स्टेशन के पास हुई थी, तब भी जगाई मुडा ने अंजु को चेताया था कि अगर वह उसकी बात नहीं मानी तो उसके बेटे को मार देगा। अंजु ने इसे हल्के में लिया, पुलिस और घर में किसी को कुछ नहीं बताया। आखिरकार बीते 2 मार्च को जगाई मुंडा ने उसके 12 साल के बेटे रमेश हजाम को किडनैप कर लिया। उसे उसके स्कूल बयांगडीह के पास से किडनैप किया गया था। रमेश को जगाई मुंडा अपनी बाइक से एक जंगल में ले गया और गला घोंट कर उसे मार डाला। वहीं पहचान छिपाने के लिये उसके चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था। इधर, बेटे के स्कूल से घर नहीं लौटने पर अंजु देवी सीधे नामकुम थाना पहुंची और पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी जगाई मुंडा ने उसके 12 साल के बेटे का अपहरण कर लिया है। उसे शंका है कि उसके साथ कुछ अनर्थ हो सकता है। पुलिस ने जगाई मुंडा को खोजना शुरू कर दिया। वह रामगढ़ से धराया। उसे रांची के नामकुम थाना हाजत में रखा गया था। पुलिस ने जगाई मुंडा की निशानदेही पर अंजु के बेटे रमेश की लाश बरामद कर ली। अजुं और जगाई दोनों खूंंटी के सायको थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं। कहते हैं कि जगाई की प्रेम कहानी के बारे में उसकी पत्नी को पता चल गया था। इसके बाद ही अंजु ने अपने प्रेमी जगाई मुंडा से मिलना-जुलना छोड़ दिया था। इसके बाद बदला लेने की नीयत से जगाई ने एक भयानक कांड को अंजाम दे दिया। वहीं, पकड़े जाने के बाद जगाई मुंडा ने हाजत में ही सुसाईड कर लिया। उसने बीती रात कंबल के धागे का फंदा बनाकर हाजत के लोहे के गेट में लटककर आत्महत्या कर ली। इधर, रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने घटना की गंभीरता को देखते हुये हाजत की निगरानी में तैनात ASI प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, हवलदार गयानंद सिपाही मुकेश ठाकुर एवं सिपाही राहुल प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया। वहीं, थानेदार को भी दंडित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दो चौकीदारों के बारे में रांची के DC को लिखा गया है। पूरे मामले के निष्पक्ष जांच के लिये बुंडू के थानेदार रामकुमार वर्मा को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही है। हाजत में मरने वाले जगाई मुंंडा की पत्नी क्या बोली, देखें वीडियो….






