Kohramlive : सितंबर का तीसरा सप्ताह यानी 14 से 20 सितंबर 2026 ग्रहों की बदलती चाल के कारण खास माना जा रहा है। सप्ताह की शुरुआत धार्मिक आस्था के रंग में होगी, वहीं आगे सूर्य और मंगल के राशि परिवर्तन का प्रभाव देखने को मिल सकता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार 17 सितंबर को सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करेंगे, वहीं, 18 सितंबर को मंगल कर्क राशि में गोचर करेंगे। इन बदलावों का असर करियर, कारोबार, धन, स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और रिश्तों पर पड़ सकता है। किसी राशि के लिये यह सप्ताह नई उम्मीदों की दस्तक लेकर आ सकता है तो किसी को क्रोध, खर्च और जल्दबाजी से बचने की जरूरत होगी। 14 से 20 सितंबर 2026 के बीच ग्रहों की बदलती चाल ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सभी राशियों के लिये अलग-अलग संकेत दे रही है। तुला, वृश्चिक और मकर के लिये सप्ताह विशेष रूप से सकारात्मक नजर आता है, जबकि मेष, वृषभ, धनु और कुंभ राशि वालों को जल्दबाजी, खर्च और विवाद से बचकर चलना होगा। बाकी राशियों के लिये भी सप्ताह में उतार-चढ़ाव के बीच आगे बढ़ने और नये अवसर तलाशने के संकेत हैं। आइये जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिये कैसा रहेगा यह सप्ताह।
मेष: क्रोध पर लगाम, फैसलों में संयम जरूरी
मेष राशि वालों के लिये यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। बात-बात पर गुस्सा करने और किसी का दिल दुखाने से बचें। खासकर कारोबार में पैसा लगाने से पहले अनुभवी या शुभचिंतकों की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में खर्च बढ़ सकता है और बाजार में फंसे धन को निकालने के लिए मेहनत करनी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों को सहकर्मियों के साथ तालमेल बनाकर चलना होगा। उत्तरार्ध में विरोधी सक्रिय हो सकते हैं। अपनी योजनाएं समय से पहले किसी से साझा न करें। संतान से जुड़ी चिंता और घर-परिवार में मतभेद भी मन परेशान कर सकते हैं। उपाय: मां सरस्वती की उपासना करें और श्री सरस्वती अष्टकम् का पाठ करें।
वृषभ: जल्दबाजी पड़ेगी भारी, रिश्तों में भी संभलकर चलें
वृषभ राशि के लिये सप्ताह मिला-जुला रहेगा। किसी काम में लापरवाही या जल्दबाजी आर्थिक नुकसान करा सकती है। सप्ताह की शुरुआत में किसी प्रियजन की सेहत चिंता का कारण बन सकती है। साझेदारी के कारोबार में आंख मूंदकर भरोसा करने से बचें। धन खर्च करते समय विशेष सावधानी रखें और किसी को उधार देने से बचना बेहतर होगा। नौकरी में बदलाव या स्थानांतरण मन को परेशान कर सकता है। भूमि-भवन से जुड़े मामले भी चिंता बढ़ा सकते हैं। हालांकि मुश्किल समय में जीवनसाथी या प्रेमी की मदद आपको भावनात्मक मजबूती देगी। उपाय: देवी दुर्गा की पूजा करें और दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
मिथुन: मेहनत रंग लायेगी, कारोबार में बढ़ेगा फायदा
मिथुन राशि वालों के लिये भागदौड़ के बीच सफलता की राह खुलती नजर आएगी। मेहनत का पूरा फल मिलेगा और कार्यक्षेत्र में अधीनस्थों की मदद से लक्ष्य समय पर पूरे होंगे। कारोबार के सिलसिले में यात्रा हो सकती है। ये यात्राएं नये संपर्क और लाभ के रास्ते खोल सकती हैं। आय के नये स्रोत बनेंगे, हालांकि सुख-सुविधाओं पर खर्च भी बढ़ेगा। उत्तरार्ध में विरोधी अड़चन डाल सकते हैं, लेकिन शुभचिंतकों की मदद से आप स्थिति संभाल लेंगे। भूमि-भवन के मामले में भी लाभ की संभावना है। प्रेम संबंधों में मिठास बनी रहेगी। उपाय: भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें और मधुराष्टकम् का पाठ करें।
कर्क: वाणी ही बनायेगी बात, किस्मत भी देगी साथ
कर्क राशि वालों को इस सप्ताह अपनी जुबान और व्यवहार पर खास नियंत्रण रखना होगा। आपकी एक बात रिश्ते बना भी सकती है और बिगाड़ भी सकती है। शुरुआत में विरोधी परेशान कर सकते हैं, लेकिन वरिष्ठों और शुभचिंतकों का साथ मिलेगा। सप्ताह के मध्य के बाद परिस्थितियां तेजी से बेहतर होती दिखेंगी। अटके काम पूरे होंगे और उन्नति के नये रास्ते खुलेंगे। भूमि-भवन से जुड़ा विवाद किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से सुलझ सकता है। उत्तरार्ध में धार्मिक यात्रा के योग हैं। छात्रों के लिए भी समय उत्साह बढ़ाने वाला रहेगा। उपाय: भगवान शिव की पूजा करें और लिंगाष्टकम् का पाठ करें।
सिंह: दूसरों के पचड़े से दूर रहें, अपने लक्ष्य पर नजर रखें
सिंह राशि वालों को इस सप्ताह दूसरों के विवाद में पड़ने से बचना चाहिये। बेवजह की बातों में उलझने से आपका कीमती समय बर्बाद हो सकता है। घर-परिवार की चिंताएं परेशान कर सकती हैं और सहयोग न मिलने पर मन खिन्न रहेगा। गुस्से में कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। उत्तरार्ध में सेहत और रिश्तों को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। कारोबारियों को शॉर्टकट से पैसा कमाने के चक्कर से बचना होगा। कागजी काम और लेन-देन में सावधानी जरूरी है। उपाय: भगवान विष्णु की पीले पुष्पों से पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें।
कन्या: करियर में बढ़ेगी रफ्तार, धार्मिक माहौल से मिलेगी खुशी
कन्या राशि वालों के लिये सप्ताह की शुरुआत थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकती है, लेकिन इसके बाद परिस्थितियां आपके पक्ष में आती दिखेंगी। करियर और कारोबार से जुड़े बड़े फैसलों में जल्दबाजी न करें। वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और मुश्किल काम भी समय पर पूरे हो सकते हैं। सप्ताह के मध्य में रोजगार में बदलाव के अवसर मिल सकते हैं। कारोबार में थोड़ी मंदी चिंता देगी, लेकिन उत्तरार्ध तक हालात संभलने की उम्मीद है। घर में किसी प्रिय व्यक्ति के आगमन से खुशियां आएंगी। धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। प्रेम संबंधों में भी भरोसा और अपनापन बढ़ेगा। उपाय: गणपति की पूजा करें और श्री गणेश चालीसा का पाठ करें।
तुला: सौभाग्य देगा दस्तक, नौकरी और धन में बनेंगे नये योग
तुला राशि वालों के लिये सप्ताह बेहद शुभ रहने की संभावना है। रुके हुये काम पूरे होंगे और कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ तथा कनिष्ठ सभी का सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों की आय बढ़ सकती है। बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और नौकरी करने वालों के पदोन्नति के योग बन सकते हैं। उधार या बाजार में फंसा धन वापस मिलने की संभावना भी है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। परिवार में सुख-सहयोग मिलेगा और यात्रा के भी योग बनेंगे। उच्च शिक्षा के प्रयास सफल हो सकते हैं। उपाय: हनुमान जी की पूजा करें और सुंदरकांड का पाठ करें।
वृश्चिक: हर तरफ अवसरों की दस्तक
वृश्चिक राशि वालों के लिये यह सप्ताह शानदार अवसर लेकर आ सकता है। बेरोजगारों को नौकरी मिल सकती है और पहले से कार्यरत लोगों के पद एवं प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं।कारोबार में मनचाहा लाभ मिलने की संभावना है। कारोबारी यात्रायें भी लाभदायक साबित हो सकती हैं। पुराने परिश्रम का फल इस सप्ताह मिल सकता है। कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिल सकती है। विद्यार्थियों के लिये भी समय अनुकूल है। प्रेम संबंधों में विश्वास बढ़ेगा और दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें।
धनु: धैर्य की परीक्षा, खर्च और सेहत पर नजर
धनु राशि वालों के लिये सप्ताह औसत रहने वाला है। किसी समस्या को लेकर मन बेचैन रह सकता है और काम पूरे करने में रुकावटें आ सकती हैं। यात्रा के योग हैं, लेकिन यात्रा थकान देने वाली हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों को विरोधियों से सावधान रहना होगा। कारोबार में धन का लेन-देन सोच-समझकर करें। परिवार से जुड़ी परेशानियां उत्तरार्ध में सामने आ सकती हैं, हालांकि सूझबूझ से समाधान भी मिल जायेगा। मौसम और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को नजरअंदाज न करें। उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें।
मकर: किस्मत मेहरबान, रुके काम होंगे पूरे
मकर राशि के लिये सप्ताह बेहद शुभ संकेत दे रहा है। लंबे समय से अटका काम पूरा हो सकता है और किसी महत्वपूर्ण समाचार से सप्ताह की शुरुआत हो सकती है। प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ेंगे और लाभदायक योजनाओं से जुड़ने का मौका मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों की आय के नए स्रोत बन सकते हैं। विदेश से जुड़े कारोबार वालों के लिए भी समय अच्छा है। सेहत और रिश्तों के लिहाज से सप्ताह राहत देने वाला रहेगा। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। उत्तरार्ध में धर्म-अध्यात्म की ओर रुचि बढ़ेगी और प्रेम संबंध मजबूत होंगे।उपाय: शिवलिंग पर जल चढ़ायें और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
कुंभ: शुरुआत में परेशानी, उत्तरार्ध में राहत
कुंभ राशि वालों के लिए सप्ताह मिला-जुला रहेगा। शुरुआत भागदौड़ और खर्च से भरी हो सकती है। आय में रुकावट के कारण आर्थिक दबाव महसूस हो सकता है। परिवार और जीवनसाथी के साथ छोटी बातों को लेकर विवाद से बचें। प्रॉपर्टी या किसी बड़ी योजना में निवेश करने से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना बेहतर रहेगा। उत्तरार्ध में परिस्थितियां सुधरेंगी। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। अटका हुआ धन मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। उपाय: हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।
मीन: सितारे बुलंद, धन और सम्मान दोनों के योग
मीन राशि वालों के लिये यह सप्ताह उम्मीद से ज्यादा सफलता देने वाला साबित हो सकता है। यदि काम को योजनाबद्ध तरीके से किया जाये तो लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। नौकरी में आपके काम की प्रशंसा होगी और अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में राहत की संभावना है। सप्ताह के मध्य में अचानक धन लाभ हो सकता है। पैतृक संपत्ति या लंबे समय से अटका पैसा मिलने के योग हैं। नये लोगों से संपर्क बढ़ेगा। परिवार में आपके फैसलों की तारीफ होगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे और जीवनसाथी के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। संतान की उपलब्धि से सामाजिक सम्मान भी बढ़ सकता है।उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
Disclaimer : यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है। इसे निश्चित भविष्यवाणी या व्यक्तिगत सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिये। किसी व्यक्ति की जन्मकुंडली के आधार पर परिणाम अलग हो सकते हैं।







