‘श्री अन्न’ बना डिनर का खास सितारा
इस खास रात्रिभोज में मोटे अनाज की तीन अलग-अलग किस्मों को शामिल किया गया। बाजरा पुलाव में नजर आया, ज्वार भारतीय ब्रेड का हिस्सा बना और मिठाई में सांवा का इस्तेमाल किया गया। यानी दुनिया के दिग्गज नेताओं के सामने भारत ने स्वाद के साथ अपनी पारंपरिक खाद्य विरासत भी परोसी।
स्टार्टर में खांडवी और खुंब गलौटी ने जीता दिल
रात्रिभोज की शुरुआत ही भारतीय स्वाद के शानदार अंदाज से हुई। भाप में पकाये गये बेसन के मुलायम रोल को राई, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ तैयार किया गया। इसके साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और दही की ड्रेसिंग ने स्वाद में नया रंग भरा। मुलायम मशरूम कबाब को पैन पर हल्का सेंका गया और पुदीने के मोती के साथ शीर्मल रोटी पर परोसा गया। भारतीय कबाब की इस शाकाहारी शैली ने स्टार्टर को खास बना दिया।
मुख्य भोजन में पनीर से गुच्ची तक का शाही अंदाज
मुख्य भोजन में भारतीय रसोई की विविधता साफ नजर आई।
- पनीर लबाबदार: प्याज-टमाटर की गाढ़ी मसालेदार ग्रेवी में पकाया गया मुलायम पनीर।
- गुच्ची मार्मिक: हिमालयी गुच्ची मशरूम और शतावरी को केसर, किशमिश और मामरा बादाम के साथ धीमी आंच पर पकाया गया।
- गाजर-फली पोरियल: दक्षिण भारतीय अंदाज में मसालों और शुद्ध नारियल तेल के साथ तैयार गाजर और हरी फली।
- टमाटर बेल्ले सारू: तुअर दाल, ताजा टमाटर और करी पत्ते से तैयार हल्का शोरबा।
- बाजरा पुलाव: बासमती चावल और बाजरे को सुगंधित मसालों के साथ पकाया गया।
- चुकंदर का रायता: ठंडे दही में चुकंदर और ताजी हरी जड़ी-बूटियों का स्वाद।
इसके साथ मेहमानों के लिये विभिन्न प्रकार की भारतीय रोटियां भी परोसी गईं।
मिठाई में पुरानी दिल्ली की मिठास
डिनर का आखिरी पड़ाव भी उतना ही दिलचस्प रहा। मिठाइयों में पुरानी दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी शामिल रही। मौसमी फलों और हल्की फेंटी हुई क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी ने पुरानी दिल्ली की मिठास को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की थाली तक पहुंचाया। वहीं दूध और चावल से धीमी आंच पर तैयार शहतूत फिरनी के ऊपर मीठे शहतूत और सोने की परत ने इसे शाही अंदाज दे दिया।
BRICS Summit | Menu of the gala dinner hosted by Prime Minister Narendra Modi at Bharat Mandapam in Delhi https://t.co/WSQnxIG0hZ
— ANI (@ANI) September 12, 2026







