Ranchi : राजधानी रांची में आज यानी रविवार को पानी को लेकर शहरवासियों की मुश्किल बढ़ सकती है। हटिया राइजिंग पाइपलाइन में अति आवश्यक मरम्मत कार्य के कारण रांची शहरी जलापूर्ति योजना के तहत कई प्रमुख इलाकों में 12 घंटे तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल के अनुसार, रुक्का जलशोध संस्थान से हटिया राइजिंग पाइपलाइन के जरिये होने वाली जलापूर्ति रविवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगी। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद ही पानी की सप्लाई सामान्य हो सकेगी।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
जलापूर्ति बंद रहने का असर राजधानी के कई घनी आबादी वाले इलाकों पर पड़ेगा। इनमें प्रमुख रूप से कांटाटोली, सिरमटोली, चर्च रोड, डोरंडा, अशोकनगर, मेकॉन, आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, इस शटडाउन से करीब दो लाख लोगों के प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में रविवार को घर की रसोई से लेकर रोजमर्रा के काम तक पानी की जरूरत को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है। विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे जलापूर्ति बंद होने से पहले जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें। विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा कर जलापूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जायेगा।







