Kohramlive: अगस्त का दूसरा सप्ताह धार्मिक और ज्योतिषीय लिहाज से खास रहने वाला है। इस दौरान सावन का दूसरा सोमवार पड़ेगा और साल का दूसरा सूर्य ग्रहण भी इसी सप्ताह होने जा रहा है। ग्रहों की बदलती चाल का असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग देखने को मिल सकता है। किसी के लिये यह सप्ताह तरक्की, धन और सफलता के नये दरवाजे खोल सकता है, तो किसी को धैर्य, संयम और समझदारी के साथ आगे बढ़ना होगा। 10 से 16 अगस्त 2026 के बीच ग्रहों की चाल कुछ राशियों के लिये अवसरों के नये दरवाजे खोल सकती है, तो कुछ को धैर्य और संयम की परीक्षा देनी पड़ सकती है। खासकर सिंह, तुला और वृश्चिक राशि वालों के लिये सप्ताह सफलता और लाभ के लिहाज से बेहतर नजर आता है, जबकि मेष, कर्क, धनु और कुंभ राशि वालों को जल्दबाजी से बचते हुये सोच-समझकर कदम बढ़ाने की जरूरत रहेगी। ऐसे में आइये जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों के लिये कैसा रहेगा 10 से 16 अगस्त का सप्ताह।
मेष: भागदौड़ बढ़ेगी, धैर्य से राहत मिलेगी। कामकाज में विरोधियों से रहें सावधान, सेहत और रिश्तों को न करें नजरअंदाज। मेष राशि वालों के लिये सप्ताह कुछ ज्यादा ही आपाधापी वाला रह सकता है। घरेलू और कार्यक्षेत्र की उलझनों को सुलझाने के लिये अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। सप्ताह की शुरुआत में किसी करीबी की बात मन को ठेस पहुंचा सकती है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में विरोधियों से सावधान रहना होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। बाजार की मंदी चिंता बढ़ायेगी, हालांकि सप्ताह के उत्तरार्ध में कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौट सकता है। बेकार के खर्च और विवाद से बचें। संतान और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी को नजरअंदाज न करें। प्रेम संबंधों में सावधानी बरतें और वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।
वृषभ: किस्मत का साथ मिलेगा। योजनाबद्ध काम से लाभ, संपत्ति और रिश्तों के मामले में शुभ संकेत है। वृषभ राशि के लिये पूरा सप्ताह गुडलक से भरा रह सकता है। यदि काम योजनाबद्ध तरीके से समय पर पूरा किया जाये तो अपेक्षा से अधिक सफलता मिल सकती है। सप्ताह का पूर्वार्ध विशेष रूप से शुभ रहेगा। यात्रायें लाभदायक रहेंगी और नये संपर्क बनेंगे। परिवार में किसी प्रिय सदस्य की उपलब्धि से खुशी मिलेगी। मित्रों के सहयोग से लाभ के अवसर बनेंगे। संपत्ति से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। उत्तरार्ध में मौसमी बीमारी से सावधान रहें। धन के लेन-देन में सतर्कता जरूरी है और उधार देने से पहले अच्छी तरह सोचें। प्रेम और वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। उपाय: भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करें और शिव चालीसा का पाठ करें।
मिथुन: असमंजस के बीच खुलेंगे नये रास्ते। करियर में अवसर, विद्यार्थियों के लिये अच्छा समय रहेगा। रिश्तों में भी मिठास बनी रहेगी। मिथुन राशि वालों के सामने इस सप्ताह कुछ फैसलों को लेकर दुविधा रह सकती है। करियर, कारोबार और पारिवारिक मामलों में तालमेल बनाकर चलना जरूरी होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में करियर और कारोबार से जुड़े अच्छे अवसर मिल सकते हैं। व्यवसायी बाजार की तेजी का लाभ उठा सकते हैं। नया निवेश करने से पहले शुभचिंतकों की सलाह लेना बेहतर रहेगा। विद्यार्थियों के लिये समय अच्छा रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कोई बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार मिल सकता है। प्रेम संबंधों की अड़चनें दूर होंगी और जीवनसाथी का सहयोग बना रहेगा। उपाय: तुलसी जी की पूजा करें और ॐ बुं बुधाय नमः मंत्र का पांच माला जाप करें।
कर्क: खर्च बढ़ायेगा तनाव, संभलकर चलें। बजट का रखें ध्यान, परिवार में संवाद से सुलझेंगे विवाद। कर्क राशि वालों के लिये सप्ताह कुछ खर्चीला और भागदौड़ भरा रह सकता है। अचानक आने वाले खर्च आपका बजट बिगाड़ सकते हैं। इसलिये शुरुआत से ही धन का बेहतर प्रबंधन करें। माता-पिता के साथ किसी घरेलू मामले को लेकर मतभेद संभव है। कार्यक्षेत्र की परेशानियां भी चिंता बढ़ा सकती हैं। नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो फिलहाल उचित समय का इंतजार करना बेहतर रहेगा। भावनाओं में बहकर बड़ा फैसला न लें। परिवार में कम बोलें और ज्यादा सुनें। सकारात्मक व्यवहार रिश्तों को संभालने में मदद करेगा। उपाय: भगवान शिव को जल और दूध से अभिषेक करें तथा रुद्राष्टक का पाठ करें।
सिंह: सफलता का रास्ता खुलेगा। नौकरी, कारोबार और संपत्ति से जुड़े मामलों में बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। सिंह राशि के लिये यह सप्ताह करियर और कारोबार की दृष्टि से शानदार रह सकता है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। पुरानी मेहनत का फल मिलेगा और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। सरकार और प्रशासन से जुड़े काम पूरे होने के योग हैं। किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से लंबे समय से अटके काम पूरे हो सकते हैं। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है। पुराने निवेश से लाभ और भूमि-भवन या वाहन से जुड़े प्रयासों में सफलता के संकेत हैं। घर में खुशियों का माहौल रहेगा। प्रेम और वैवाहिक जीवन भी सुखद रहेगा। उपाय: लक्ष्मीनारायण भगवान की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।
कन्या: मेहनत से उलझनें दूर होंगी। राज खुलने से पहले योजनायें न बतायें, रिश्तों में दिखावे से बचें। कन्या राशि वालों के लिये सप्ताह मिश्रित फल देने वाला रहेगा। शुरुआत में कामकाज की परेशानियां बढ़ सकती हैं, लेकिन बुद्धि और विवेक से उत्तरार्ध तक परिस्थितियों को संभाला जा सकता है। कार्यस्थल पर योजनाबद्ध तरीके से काम करें और सहयोगियों से बेहतर तालमेल बनाएं। अपनी योजनाओं को पूरा होने से पहले सार्वजनिक करने से बचें, क्योंकि विरोधी अड़चन पैदा कर सकते हैं। धन खर्च करते समय विवेक रखें। घरेलू मामलों में सोच-समझकर फैसला लें और भाई-बहनों की भावनाओं का सम्मान करें। प्रेम में दिखावे से बचना ही बेहतर होगा। उपाय: भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करें और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
तुला: मनचाही सफलता की दस्तक। आय के नये स्रोत बनेंगे, नौकरी और संपत्ति के मामलों में भी शुभ संकेत हैं। तुला राशि वालों के लिये सप्ताह शुभ और लाभदायक रहेगा। लंबे समय से अटके काम पूरे हो सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के काम की वरिष्ठ अधिकारी सराहना करेंगे और सीनियर-जूनियर दोनों का सहयोग मिलेगा। सप्ताह के मध्य में घर में धार्मिक आयोजन हो सकता है और अचानक धार्मिक यात्रा की योजना भी बन सकती है। भूमि या भवन से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। हालांकि उत्तरार्ध में घर के किसी बुजुर्ग की सेहत चिंता का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों को सफलता के लिये अतिरिक्त मेहनत करनी होगी। उपाय: पारद शिवलिंग की पूजा करें और शिव मंत्र का जाप करें।
वृश्चिक: किस्मत साथ देगी, सफलता के योग बनेंगे। नौकरी, कारोबार और शिक्षा में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। बड़ी डील के संकेत हैं। वृश्चिक राशि वालों के लिये सप्ताह की शुरुआत ही शुभ समाचार से हो सकती है। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को नये अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को मेहनत का पूरा फल मिलने के संकेत हैं। उच्च शिक्षा से जुड़ी अड़चनें दूर हो सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों को मनचाही जगह तबादले या पदोन्नति का लाभ मिल सकता है। कारोबार के सिलसिले में यात्रा लाभदायक रहेगी। साझेदारी में काम करने वालों को फायदा होगा और सप्ताह के अंत तक बड़ी कारोबारी डील हो सकती है। प्रेम और वैवाहिक जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी। उपाय: हनुमान जी की पूजा करें और प्रतिदिन हनुमान चालीसा का सात बार पाठ करें।
धनु: भागदौड़ के बीच संभलकर बढ़ें। कार्यक्षेत्र में संघर्ष, कारोबार में मंदी रह सकती है। आर्थिक फैसलों में सावधानी जरूरी है। धनु राशि वालों को इस सप्ताह घरेलू और कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारियों के लिये खूब मेहनत करनी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों के लिये सप्ताह की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रहेगी। कार्यक्षेत्र में विरोधियों से सतर्क रहें और अपनी कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लायें। कारोबार में बाजार की मंदी चिंता बढ़ा सकती है। निवेश से पहले अपनी आर्थिक स्थिति जरूर देखें। काम की अधिकता से शारीरिक और मानसिक थकान हो सकती है। प्रेम संबंधों में जल्दबाजी से बचें। दांपत्य जीवन में छोटी-मोटी नोकझोंक के बावजूद स्थिति सामान्य रहेगी। उपाय: भगवान विष्णु को पीला चंदन और पीले पुष्प अर्पित करें तथा नारायण कवच का पाठ करें।
मकर: नये अवसर दस्तक देंगे। रोजगार और संपत्ति से जुड़े मामलों में सफलता, संतान पक्ष की चिंता होगी दूर मकर राशि वालों के लिये सप्ताह की शुरुआत बेहद शुभ रह सकती है। रोजगार, भूमि-भवन और पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में मनोकामना पूरी होने के योग हैं। हालांकि किसी के बहकावे में आकर फैसला न लें। नियमों का उल्लंघन करने से बचें। सप्ताह के मध्य में नौकरी में बदलाव हो सकते हैं, जो आपके लिये सकारात्मक साबित होंगे। काम के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है और इससे नये संपर्क बनेंगे। उत्तरार्ध में संतान से जुड़ी बड़ी चिंता दूर हो सकती है। प्रेम और वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। उपाय: भगवान शिव की पूजा करें और रुद्राष्टक का पाठ करें।
कुंभ: जल्दबाजी में बड़ा फायदा न गंवायें। करियर और परिवार की उलझनों के बीच संयम ही सबसे बड़ा सहारा होगा। कुंभ राशि वालों को इस सप्ताह छोटी अवधि के फायदे के लिये बड़ा नुकसान करने से बचना होगा। सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में सहयोग की कमी परेशानी बढ़ा सकती है। घरेलू समस्याएं भी चिंता का कारण बनेंगी। संतान से जुड़ी बातों को लेकर मन परेशान रह सकता है। उत्तरार्ध में राहत मिलेगी, लेकिन खानपान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखें। परिवार या कार्यक्षेत्र में अनावश्यक बहस से बचें। कुछ मामलों में चुप रहना ही बेहतर होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर सावधान रहें। प्रेम और दांपत्य जीवन में मतभेद की स्थिति बन सकती है। उपाय: भगवान शिव की उपासना करें और शनिवार को शनि संबंधी वस्तुओं का दान करें।
मीन: उतार-चढ़ाव के बीच धैर्य जरूरी। ऊर्जा, समय और धन का सही प्रबंधन करें। परिवार का साथ मिलेगा। मीन राशि वालों के लिये सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। हर काम को सूझबूझ और सावधानी से करना होगा। समय, ऊर्जा और धन का सही प्रबंधन नहीं किया तो अनावश्यक परेशानी बढ़ सकती है। सप्ताह की शुरुआत में घरेलू उलझनों के कारण करियर पर ध्यान कम रह सकता है। अचानक लंबी दूरी की यात्रा संभव है, जो थकान भरी हो सकती है। कामकाजी महिलाओं को घर और नौकरी के बीच तालमेल बैठाने में मुश्किलें आ सकती हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई में मन लगाने के लिये अतिरिक्त प्रयास करना होगा। परिवार में मतभेद की स्थिति बन सकती है। प्रेम संबंधों में कुछ अड़चनें मन को परेशान कर सकती हैं, लेकिन कठिन समय में जीवनसाथी का मजबूत सहयोग मिलेगा। उपाय: शिवलिंग पर जल और बेलपत्र अर्पित करें तथा शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
Disclaimer : यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है। इसे व्यक्तिगत भविष्यवाणी या निश्चित परिणाम के रूप में न लें।















