Dhanbad : कोयले की काली धरती पर शनिवार को वर्चस्व की लड़ाई ने एक बार फिर माहौल गरमा दिया। धनबाद के झरिया के पाथरडीह कोलवाशरी स्थित मीवान कोलवाशरी की साइडिंग में दो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और करीब आधे घंटे तक साइडिंग परिसर में मारधाड़ होती रही। खबर है कि यह विवाद दो दबंग समर्थकों के बीच वर्चस्व को लेकर शुरू हुआ। हालांकि, झड़प की वास्तविक वजह और हिंसा की शुरुआत किस बात से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
अचानक मची भगदड़, जान बचाकर भागे लोग
झड़प शुरू होते ही साइडिंग परिसर में अफरा-तफरी मच गई। काम में जुटे लोग अचानक हुये बवाल से सहम गये। देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग सुरक्षित जगह की ओर भागते नजर आये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, रॉड और पत्थरों से मारपीट हुई। तलवार चलने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। कतरास बाजार निवासी एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही जा रही है। वहीं सरायढेला निवासी एक युवक को भी बेतरह मारा-पीटा गया। लहूलुहान इस युवक को CISF जवानों ने सही-सलामत निकालकर वाशरी प्लांट के अंदर पहुंचाया।
तीन गाड़ियों पर टूटा गुस्सा, साइडिंग में बढ़ा तनाव
बवाल के दौरान साइडिंग परिसर में खड़ी तीन गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के समर्थकों की थार और ब्रेजा में तोड़फोड़ की गई, वहीं, दूसरे पक्ष के समर्थक की स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त किये जाने की बात सामने आई है। वाहनों में तोड़फोड़ के बाद तनाव और गहरा गया। कुछ देर के लिये साइडिंग का कामकाज भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पाथरडीह थाना पुलिस और CISF के जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षाबलों को देखते ही झड़प में शामिल लोग वहां से हटने लगे। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और साइडिंग परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। संवेदनशील माहौल को देखते हुये पुलिस और CISF की निगरानी लगातार जारी है।















