Ranchi(Kuldeep Tiwari) : रांची से सटे ओरमांझी की सड़कों पर शनिवार को नजारा कुछ अलग सा था। हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे और कदमों में जोश, हजारों लोगों की मौजूदगी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे प्रखंड को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इस खास यात्रा में राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और स्कूली छात्र-छात्रायें शामिल हुये। सबसे खास बात रही कि 25 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी हाथों में तिरंगा और बैनर लेकर यात्रा में शामिल हुये। तिरंगा यात्रा की शुरुआत ओरमांझी प्रखंड मुख्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद जैसे ही तिरंगा हाथों में लेकर लोगों ने कदम बढ़ाए, पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं के जोश और हाथों में लहराते तिरंगे ने यात्रा को खास बना दिया।
थाना चौक से शास्त्री चौक तक गूंजते रहे नारे
यात्रा थाना चौक से गुजरते हुये सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ओरमांझी पहुंची। इसके बाद यात्रा दोबारा लाल बहादुर शास्त्री चौक पहुंची, जहां पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसी के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। रास्ते भर तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव जैसा माहौल बना दिया। तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कोई हाथों में तिरंगा थामे था, तो कोई देशभक्ति के संदेश वाले बैनर लेकर चल रहा था। राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू और पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने यात्रा में शामिल होकर विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों का उत्साह बढ़ाया। आयोजकों का कहना था कि यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करना और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करना है। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। आयोजकों के मुताबिक, आजादी की लड़ाई सिर्फ इतिहास की किताबों का हिस्सा नहीं है। नई पीढ़ी को यह बताना भी जरूरी है कि देश की स्वतंत्रता के पीछे असंख्य वीरों का त्याग और बलिदान छिपा है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, अमरनाथ चौधरी, मानकी राजेंद्र शाही, आयोजन संयोजक शैलेंद्र मिश्र, डॉ. पारस महतो, रंधीर चौधरी, जिला परिषद सदस्य सरिता देवी, उपप्रमुख रीजवान अंसारी, पूर्व प्रमुख मुंतज़िर अहमद राजा, रणधीर चौधरी, जैलैन्द्र कुमार, सईद अहमद अंसारी, मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बड़ाइक, अब्दुल गफ्फार अंसारी, रवि रंजन साहु, थाना प्रभारी मनोज कुमार, अनिल महतो, विक्रांत तिवारी, रोहित साहू, राजकिशोर साहु, राजेंद्र महतो, रामकुमार महतो, सत्यनारायण तिवारी, अजित महतो, प्रयाग महतो, मुखिया रमेश बेदिया, विरेन्द्र मुंडा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
तिरंगे के रंग में रंगा ओरमांझी… देखें वीडियो #Ormanjhi #Ranchi #Jharkhand #TirangaYatra #TirangaYatra2026 #IndependenceDay #IndependenceDay2026 #HarGharTiranga pic.twitter.com/LO3o5nunAM
— KohramLive (@KohramLive) August 8, 2026















