Ranchi : झारखंड में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, लेकिन अब जल्द ही इसका मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार 13 और 14 मार्च तक आसमान साफ रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद मौसम बदलने के साथ तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने के संकेत हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 16 और 17 मार्च को भी कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा के आसार बने हुये हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 से 17 मार्च के बीच 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना है। वहीं 14 और 15 मार्च को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 15 मार्च से बादल छाने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
तापमान का हाल
राज्य में अभी गर्मी का असर दिखने लगा है।
डाल्टनगंज: 39.2°C (सबसे गर्म)
चाईबासा: 37.4°C
जमशेदपुर: 36.5°C
बोकारो थर्मल: 35.1°C
रांची: 33.6°C (न्यूनतम 17.4°C)
पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 13.9°C दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में झारखंड में गर्मी, बादल, बारिश और तेज हवाओं का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें : हेमंत सरकार के बड़े फैसले: 23 जिलों में बनेंगे आधुनिक पुस्तकालय, कई कॉलेजों को नये भवन
इसे भी पढ़ें : रांची की बेकन फैक्ट्री के पुनरुद्धार की दिशा में बड़ा कदम… जानें








