Kohramllive : देश के मौसम में एक साथ दो तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उत्तर भारत में घना कोहरा परेशानी बढ़ायेगा, तो दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवायें आफत बन सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। IMD के मुताबिक, 28 और 29 नवंबर को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 1 दिसंबर तक कोहरे का असर रहने की संभावना है। पंजाब के अमृतसर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है। गोरखपुर और मेघालय के कुछ इलाकों में भी दृश्यता घटकर 50 मीटर दर्ज की गई।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें चलेंगी। झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चलने की चेतावनी है।
राजस्थान में 5 डिग्री पहुंचा पारा
देश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ रहा है। 27 नवंबर को राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, महाराष्ट्र के सोलापुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम और मध्य भारत में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।






