Patna : बिहार में आने वाले तीन से चार वर्षों में हवाई कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। राज्य सरकार सात एयरपोर्ट विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। वहीं, नौ जिलों में हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे मौजूदा एयरपोर्ट का भी विस्तार किया जा रहा है। योजनाओं के पूरा होने पर राज्य के छोटे शहरों और जिलों को भी हवाई सेवा से जोड़ने की उम्मीद है।
पटना से दरभंगा तक एयरपोर्ट विस्तार पर जोर
राज्य में मौजूदा एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम चल रहा है। पटना एयरपोर्ट पर 1216 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक टर्मिनल बनाया गया है, जिसका उद्घाटन हो चुका है। अब रनवे को पूर्व दिशा में कम से कम 300 मीटर बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे रनवे की लंबाई 2072 मीटर से बढ़कर 2372 मीटर हो सकती है। दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की तैयारी है। यहां 3700 मीटर लंबा रनवे तैयार किया जा रहा है। पूर्णिया में हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। अब यहां स्थायी टर्मिनल, कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी विकसित करने की योजना है। गया एयरपोर्ट पर भी सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा। यहां CAT-1 लाइटिंग सिस्टम लगाने की योजना है। इससे घने कोहरे और कम दृश्यता के दौरान विमानों के परिचालन में मदद मिलेगी और सर्दियों में उड़ानों पर पड़ने वाला असर कम करने की कोशिश होगी। मौजूदा एयरपोर्ट के विस्तार के साथ नये हवाई अड्डे विकसित करने की भी तैयारी है। सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की योजना है। इसके लिये जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। रक्सौल में बड़े एयरपोर्ट को विकसित करने की तैयारी है। वहीं, राजगीर और रोहतास में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव है। मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, बीरपुर और सहरसा में भी एयरपोर्ट विकसित करने की योजनायें हैं। सबेया, फारबिसगंज, छपरा, किशनगंज और उलाव एयरपोर्ट के विकास का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक हवाई कनेक्टिविटी पहुंचाना है।
विमानन विभाग को मिले 99 नये पद
हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिये प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किये गये हैं। दिसंबर 2025 में बिहार में अलग सिविल विमानन विभाग बनाया गया था। विभाग को मजबूत करने के लिये 99 नये पदों की मंजूरी दी गई है। वहीं, बिहार राज्य विमान संवर्ग भर्ती नियमावली 2026 भी जारी की गई है। सरकार की इन योजनाओं से आने वाले वर्षों में बिहार में हवाई सेवाओं का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। एयरपोर्ट और हेलीपैड का नेटवर्क विकसित होने से पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं, रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है। पटना और गया जैसे बड़े शहरों के अलावा छोटे जिलों को भी हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने का रास्ता खुल सकता है।






