Ranchi : जमीन नामांतरण में अनियमितता के मामले में राज्य सरकार ने कांके के तत्कालीन अंचल निरीक्षक चंचल किशोर प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई की है। सेवानिवृत्त हो चुके प्रसाद की पेंशन से अगले 10 वर्षों तक पांच प्रतिशत राशि की कटौती की जायेगी। विभागीय जांच में उन पर लगाये गये आरोपों की पुष्टि होने के बाद सरकार ने झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (ख) के तहत यह निर्णय लिया है। विभागीय मंत्री ने भी इस पर अनुमोदन दे दिया है।
नामांतरण की अनुशंसा का आरोप
मामला कांके प्रखंड के मौजा चामा का है। आरोप है कि तत्कालीन अंचल निरीक्षक ने खाता संख्या 87, प्लॉट संख्या 1232 की कुल 188.33 डिसमिल जमीन के नामांतरण की अनुशंसा 16 व्यक्तियों के पक्ष में गलत तरीके से की थी। सर्वे खतियान में यह भूमि गैर मजरूआ मालिक प्रति कदीम के रूप में दर्ज थी। इल्जाम है कि अंचल निरीक्षक ने राजस्व अभिलेखों की गहन जांच किये बिना ही नामांतरण की अनुशंसा कर दी थी। इस मामले में रांची के DC ने उनके विरुद्ध आरोप गठित कर राज्य सरकार से कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने चंचल किशोर प्रसाद के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया। जांच की जिम्मेदारी विभागीय जांच पदाधिकारी रामाकांत सिंह को सौंपी गई थी। जांच पदाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में DC की ओर से लगाये गये आरोपों की पुष्टि करते हुये कार्रवाई की अनुशंसा की। सरकार ने जांच रिपोर्ट के साथ प्रसाद की ओर से बचाव में प्रस्तुत तथ्यों की भी समीक्षा की। इसके बाद पेंशन से पांच प्रतिशत राशि की कटौती का निर्णय लिया गया। कार्रवाई से पहले उन्हें दूसरा शोकॉज नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब नहीं दिया। इसके बाद उनकी पेंशन से 10 वर्षों तक पांच प्रतिशत कटौती का आदेश दिया गया।






