DNA जांच में हुई शव की असली पहचान
बीते साल 8 अगस्त में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से शव बरामद होने के बाद विजय उरांव के परिजनों ने उसकी पहचान विजय के रूप में की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, अंतिम संस्कार के कुछ समय बाद कमरू गांव की मंजू देवी थाने पहुंचीं और दावा किया कि बरामद शव उनके लापता पति सुदामा भूइयां का है। इसके बाद शव की पहचान को लेकर सवाल खड़े हो गये। दो परिवारों की ओर से शव पर दावा किये जाने के बाद पलामू पुलिस ने सितंबर 2025 में पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गये बिसरा और दोनों परिवारों के DNA नमूने जांच के लिये FSL भेजे थे। अब आई रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि शव विजय उरांव का नहीं, बल्कि सुदामा भूइयां का था। लेस्लीगंज थानेदार उत्तम कुमार राय ने FSL रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी और मामले की जांच नये सिरे से आगे बढ़ायेगी। पुलिस जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर के श्रावणी मेला में लगाई गई थी। इसी दौरान 8 अगस्त 2025 को वे रेलवे स्टेशन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गये थे। वहीं, सुदामा भूइयां 19 अगस्त 2025 से लापता थे। उनकी पत्नी मंजू देवी ने सतबरवा थाने में इसकी सूचना दर्ज कराई थी।






