Ranchi : झारखंड में पदस्थापित IAS और IPS स्तर के कुछ गिने-चुने अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग दिलाने और ठेका मैनेज कर देने का झांसा देकर मोटी कमाई करने में जुटे कुछ सफेदपोश चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। इस बात की भनक मिलने पर हरकत में आई रांची पुलिस ने दो शख्स कैप्टन सिंह सलूजा और सज्जाद उर्फ मुन्ना को हिरासत में लिया है। हालांकि इसको लेकर अबतक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, वहीं संबंधित थाना मौनी बाबा बना हुआ है। केवल सोशल मीडिया पर एक सादे पन्ने पर प्रेस विज्ञप्ति खूब वायरल हो रही है। वैसे सूत्रों का दावा है कि इस प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी में दम है। हिरासत में लिये गये युवकों से शहर के चुटिया थाना में पूछताछ की जा रही है। कैप्टन सिंह सलूजा स्टेशन रोड स्थित बंसल प्लाजा में रहता है, वहीं सज्जाद उर्फ मुन्ना मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट्स होटल के बगल में अली रेसीडेंसी में रहता है। उसका फ्लैट नंबर 405 B4 प्रेस विज्ञप्ति में अंकित है। सूत्रों का दावा है कि हिरासत में लिये गये दोनों शख्स का कई राजनेताओं के साथ उठना-बैठना है। जिसके चलते कोई पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। एक शख्स बेशुमार दौलत का मालिक है। इन दोनों ने पूछताछ में जमशेदपुर के तीन युवकों का नाम भी पुलिस को बताया है, मिले इनपुट पर रांची पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी रांची में कुछ सफेदपोश बड़े-बड़े अधिकारिरयों का चुटकी में ट्रांसफर करवा देने का दंभ भर रहे हैं। वहीं, एक बड़े अधिकारी को तो यहां तक कहा गया कि उनकी कृपा से ही एक आला अधिकारी दो महत्वपूर्ण पदों पर काबिज हैं। मिली इस सूचना पर रांची पुलिस रेस हो गई। जिन दो लोगों के नाम उछलकर सामने आये तो उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। हालांकि अबतक की पूछताछ में पुलिस को ऐसा कुछ भी साक्ष्य या सबूत हाथ नहीं लग पाया है। वहीं, इन शख्सों के संपर्क में रहनेवाले कुछ अधिकारियों के पसीने जरूर छूटने लगे हैं।












