Janshedpur : दिन-रात मेहनत कर लोगों के घरों को रोशन रखने वाले बिजलीकर्मियों के अपने घरों में ही आर्थिक संकट का अंधेरा छाया हो, तो इससे बड़ी विडंबना क्या होगी! वर्षों से वेतन के इंतजार में बैठे मानव दिवस कर्मियों की इसी पीड़ा को झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने प्रमुखता से उठाया है। शुक्रवार को उन्होंने जमशेदपुर विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक अजीत कुमार से मुलाकात कर कर्मियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान महाप्रबंधक ने संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में चांडिल डिवीजन के पांच मानव दिवस कर्मियों, अजय कुमार दास, विनय कुमार टुडू, सत्यवान महली, इंद्रजीत रजक और संतोष साव का मामला खास तौर से उठाया गया। संघ के अनुसार, ये कर्मी लंबे समय से विभागीय कार्यों से जुड़े रहे हैं। इनके नाम वर्ष 2014 के मानव दिवस कर्मियों के सर्वे रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं और संबंधित पदाधिकारियों ने इनके अनुभव प्रमाण-पत्र भी जारी किये हैं। इसके बावजूद वर्ष 2019 से 2021 के बीच विभिन्न कारणों से इनका भुगतान बंद हो गया। संघ का कहना है कि वर्षों तक पारिश्रमिक नहीं मिलने से इन कर्मियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मांग-पत्र सौंपकर बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
एजेंसी जवाबदेही से नहीं बच सकती
अजय राय ने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिये कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मियों को उनके परिश्रम का भुगतान नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी एजेंसी को कर्मियों से काम लेकर उनके वेतन और वैधानिक अधिकारों की अनदेखी करने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल बकाया राशि तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मियों की आजीविका, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ा है। संघ तब तक आवाज उठाता रहेगा, जब तक प्रभावित कर्मियों को उनका जायज हक नहीं मिल जाता।वहीं, महाप्रबंधक अजीत कुमार ने कहा कि मानव दिवस कर्मी विभाग के अभिन्न अंग हैं और उनके सम्मान की रक्षा के लिये हरसंभव प्रयास किया जायेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मियों की जायज मांगों पर तत्काल विचार करने और संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्देशों के बावजूद एजेंसियां अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभाती हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी। सुनें क्या बोले अजय राय…
7 साल से वेतन का इंतजार, क्या बोले अजय राय… देखें वीडियो
#Jharkhand #Jamshedpur #BijliKarmi #SalaryPending #AjayRai https://t.co/ZYmmZZfyIZ— KohramLive (@KohramLive) October 9, 2026





