Ramgarh : मां का साया सिर से उठ जाये, तो जीवन में एक ऐसा खालीपन रह जाता है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। इसी भावुक पल के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज सुबह रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन की स्मृति में पारंपरिक रस्म निभाई। मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप दिवंगत माता के निमित्त भोजन परोसने की पारंपरिक रस्म पूरी की। इस दौरान नेमरा स्थित पैतृक आवास पर संपन्न हुई इस रस्म के जरिये मुख्यमंत्री ने अपनी दिवंगत माता के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। परिवार में प्रचलित रीति-रिवाजों के अनुसार निभाये गये इन संस्कारों ने मां की स्मृतियों और पारिवारिक परंपराओं के महत्व को एक बार फिर सामने रखा।





