Kohramlive : मणिपुर में फ्री मूवमेंट नीति लागू होते ही हिंसा भड़क उठी। इंफाल-दीमापुर हाईवे (NH-2) पर कुकी समुदाय और सुरक्षाबलों के बीच हुये संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 27 सुरक्षाकर्मी घायल हो गये। शनिवार को लागू हुई इस नीति के तहत आम नागरिक और वाहन अब इंफाल से सेनापति और चुराचांदपुर जाने के लिये स्वतंत्र रूप से आ-जा सकते हैं। इस कदम का मकसद संघर्षग्रस्त इलाकों में हालात सामान्य करना था। लेकिन जैसे ही इंफाल से सेनापति जाने वाले वाहनों का काफिला कुकी बहुल इलाकों से गुजरा, प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर दिया। सुरक्षाबलों ने जब रास्ता खोलने की कोशिश की, तो प्रदर्शन हिंसक हो गया। पत्थरबाजी में 27 जवान घायल हो गये और एक व्यक्ति की जान चली गई। हालात बेकाबू होते देख प्रशासन को कई इलाकों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। यहां याद दिला दें कि मणिपुर में मई 2023 से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी जातीय संघर्ष में अब तक 250 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फ्री मूवमेंट नीति लागू करने का निर्देश दिया था, ताकि लोगों के बीच आपसी विश्वास बहाल हो सके। शनिवार को दो प्रमुख रूट्स पर बस सेवाएं शुरू की गईं, लेकिन इस फैसले का विरोध कर रहे लोगों के कारण तनाव फिर से बढ़ गया है।












