Ranchi : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के आरा बस्ती, विक्रमादित्य नगर और टाटीसिलवे शाखाओं द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में विजयादशमी उत्सव पर शानदार पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची के विभाग प्रचारक मंटू जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और नगर संघचालक शंकर प्रसाद ने की। मंटू जी ने संघ के विगत सौ वर्षों के कार्यकाल की समीक्षा करते हुये कहा कि संघ अपने प्रारंभिक वर्षों में अपेक्षाओं के साथ-साथ चुनौतियों का सामना करता रहा। उन्होंने विशेष रूप से पंच परिवर्तन के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रदीप वर्मा ने संघ की स्थापना और पृष्ठभूमि पर संक्षिप्त जानकारी साझा की। कार्यक्रम की शुरुआत अमृत वचन यशार्थ जी और एकल गीत उत्कर्ष जी के माध्यम से सम्पन्न हुई। कार्यक्रम ने संघ के सौ वर्षों की उपलब्धियों और भावी योजनाओं को उजागर करते हुये स्थानीय छात्रों और नागरिकों को सहभागिता और जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षक गौतम, विभाग के बौद्धिक प्रमुख आशुतोष द्विवेदी, महानगर संपर्क प्रमुख रवींद्र तिवारी, नगर कार्यवाह आदित्य रंजन, नगर सह संघचालक बृजेश सिंह, प्रशांत जमुआर और सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक मौजूद थे।










