Ranchi : लीवर, पैनक्रियाज और पित्त जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जगाने के मकसद से देश भर के दिग्गज डॉक्टरों का जुटान होने वाला है। ये सारे डॉक्टर्स एक समिट में जुटेंगे, जिसका नाम है हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी समिट। इस समिट का आयोजन 10 और 11 जून को सीसीएल के दरभंगा हाउस में हो रहा है। झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह जानकारी रांची के जाने-माने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर जयंत घोष ने मीडिया के साथ साझा की। डॉ जयंत घोष ने बताया कि दो दिनों के इस समिट में झारखंड लीवर किडनी फाउंडेशन बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहा है। उन्होंने बताया कि हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी समिट का आयोजन झारखंड में पहली बार किया जा रहा है। हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी क्या है, इसकी जानकारी लोगों में नहीं है। इस संबंध में लोगों को जगाना जरूरी है।
डॉ घोष ने बताया कि हेपाटो का मतलब होता है लीवर, पैनक्रिएटो का मतलब अग्न्याशय और बिलियरी का मतलब पित्त की थैली। इससे जुड़ी बिमारियों को मेडिकल की भाषा में हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी कहते हैं। हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी से आज लोग परेशान हैं। इसमें फैटी लीवर का बढ़ जाने के मामले अधिक आते हैं। सबसे ज्यादा लाइफ स्टाइल के कारण अधिकतर युवा जेनरेशन इससे प्रभावित हो रहे हैं। इससे फैटी लीवर की समस्या लगातार बढ़ रही है। काम के प्रेशर के कारण डायबिटीज के मामले बढ़ रहे हैं।
लोगों का जगाना मकसद
डॉ जयंत घोष ने बताया कि इस समिट का मकसद मरीजों और डॉक्टरों को जगाना है। हेपाटो-पैनक्रिएटो बिलियरी बीमारी के इलाज में झारखंड के डॉक्टर भी योगदान दे रहे हैं। झारखंड के डॉक्टर इनसे जुड़ी बीमारियों का इलाज अपने स्तर से कर रहे हैं। लेकिन, बेहतर सेवा के लिए दिल्ली, कोलकाता, हैदाराबाद, बनारस और पटना से दिग्गज डॉक्टर्स भी मौजूद रहेंगे। इनमें नयी दिल्ली स्थित गंगाराम हॉस्पिटल के प्रोफेसर अनिल अरोड़ा, मैक्स साकेत के डॉ. विकास सिंगला, डॉ. आदेश चौधरी, डॉ. अमर मुकुंद, बनारस से डॉ. बीके दीक्षित, पटना से डॉ. संजीव वर्मा, डॉ. सौरव जायसवाल, कोलकाता से डॉ. सुप्रीयो घटक, डॉ. संजय मंडल, डॉ. सुजीत चौधरी, हैदराबाद से डॉ. मोहन राम चंदानी, प्रो. जीवी राव समेत अन्य डॉक्टर का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : 288 मुसाफिरों की मौ’त की वजह लोकेशन बॉक्स में छेड़छाड़!
इसे भी पढ़ें : झारखंड में 12 जून तक लू का अलर्ट, इस दिन होगी मानसून की एंट्री












