Ranchi : झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर राजधानी में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 9 और 10 अगस्त को होने वाले महोत्सव के दौरान 9 अगस्त को भीड़ को देखते हुये कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। 9 अगस्त को जतरा कार्यक्रम के दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से SSP आवास मोड़ और SSP आवास से बापू वाटिका मोरहाबादी तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इन रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
मोरहाबादी में यहां पार्क होंगे वाहन
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में वाहन आने की संभावना है। इसके लिए यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, SSP आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक और ATI मोड़ समेत निर्धारित स्थानों पर भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बोड़ेयो रोड से आने वाले वाहनों के लिए TROI मैदान (मंदिर मैदान) और टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, RIMS व बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए DIG मैदान, बरियातू में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
चारपहिया से मोरहाबादी जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को मोरहाबादी और आसपास के इलाकों में चारपहिया वाहन लेकर न जायें। केवल जरूरी परिस्थितियों में ही इन मार्गों का इस्तेमाल करें। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अन्य मार्गों पर भी डायवर्जन या कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक सकती है। महोत्सव में जाने से पहले रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर देख लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।















