Bihar : सुबह का वक्त था, घरों में दिन की शुरुआत हो रही थी। कोई दूध लेने निकल रहा था, तो कोई मॉर्निंग वॉक पर। लेकिन नालंदा के राजगीर स्थित माली टोला में शनिवार की सुबह एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। इल्जाम है कि 75 साल के गिन्नी मालाकार ने अपनी 65 साल की पत्नी बच्ची देवी की हत्या कर दी। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद पत्नीहंता हत्या में इस्तेमाल चाकू लेकर खुद राजगीर थाना पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
दूध लेने निकली थी, रास्ते में मौत ने रोक लिया कदम
शनिवार सुबह गिन्नी मालाकार का बेटा उपेंद्र मालाकार मॉर्निंग वॉक के लिये घर से बाहर गया था। इसी दौरान बच्ची देवी दूध लेने के लिये घर से निकल रही थीं। इसी बीच घर के बाहर सड़क पर पति ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची देवी सड़क पर बेसुध हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में भी वारदात का दृश्य कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। मां के साथ हुई घटना की खबर मिलते ही उपेंद्र मालाकार मौके पर पहुंचे। घर के बाहर मां को बेसुध देखकर आसपास के लोगों की मदद से उन्हें ई-रिक्शा के जरिये अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया है।
हत्या के बाद सीधे थाने पहुंच गया आरोपी
वारदात के बाद गिन्नी मालाकार फरार नहीं हुआ। वह हत्या में इस्तेमाल चाकू लेकर राजगीर थाना पहुंच गया और पुलिस के सामने घटना की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में उसने पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया। आरोपी का दावा है कि उसका बेटा उसके साथ मारपीट करता था और करीब पांच वर्षों से उसे खाना भी नहीं देता था। उसका आरोप है कि पत्नी भी बेटे का पक्ष लेती थी। आरोपी ने पुलिस के सामने यह भी कहा कि वह अपने किये की सजा भुगतने के लिये तैयार है और न्यायालय से अपने लिये फांसी की मांग करेगा। पूछताछ में गिन्नी मालाकार ने बताया कि उसने और उसकी पत्नी ने मार्क्सवादी नगर में करीब एक एकड़ छह डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसमें से कुछ जमीन अलग-अलग समय पर बेचे जाने की बात भी उसने कही। उसका दावा है कि पिछले करीब पांच वर्षों से वह खुद खाना बनाकर खाता था और परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बेटे-बेटी ने पिता के आरोपों को बताया गलत
आरोपी के बेटे और बेटी ने उसके आरोपों को खारिज किया है। परिजनों ने पिता पर एक अन्य महिला से संबंध होने का आरोप लगाया और कहा कि इसी वजह से परिवार में तनाव रहता था। अब पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। सच क्या है और इस रिश्ते में दरार आखिर कितनी गहरी थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा। बताया गया है कि गिन्नी मालाकार ने वीरायतन में करीब 45 वर्षों तक नौकरी की थी। उसने पुलिस से बातचीत में अपने दोनों बेटों को पढ़ाने की बात भी कही है। घटना की सूचना के बाद DSP संजीत कुमार गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर FSL टीम को मौके पर बुलाया गया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाये गये। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और आरोपी गिन्नी मालाकार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में उसका अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।















