Ranchi : राजधानी रांची की पुरुलिया रोड स्थित डॉ. कामिल बुल्के पथ आज आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक गरिमा के एक खास पल का साक्षी बना। आर्चबिशप हाउस में रांची महाधर्मप्रांत के नवनियुक्त सहायक बिशप आनंद डेविड खलखो के अभिषेक एवं प्रतिष्ठापन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुये। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त सहायक बिशप आनंद डेविड खलखो को नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आनंद डेविड खलखो के सफल कार्यकाल की कामना करते हुये उम्मीद जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। समारोह के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी ने माहौल को और गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर आर्चबिशप विंसेंट आइंद, फादर अजित कुमार खेस सहित कई धर्मगुरु और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। रांची के आर्चबिशप हाउस में आयोजित यह समारोह धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, वहीं, शहर की सामाजिक और आध्यात्मिक विविधता की खूबसूरत तस्वीर भी पेश करता नजर आया।

















