Hazaribagh(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी एक बार फिर खूनी हादसों की गवाह बनी। बीती रात यहां एक के बाद एक तीन सड़क हादसे हुये। सबसे भीषण दुर्घटना में ट्रक करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और उपचालक की मौत हो गई। सबसे पहले डस्ट लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। राहत की बात रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। दूसरे हादसे में पोर्टेबल ऑफिस केबिन लेकर रांची से पटना जा रहा ट्रेलर BR01GG 6847 जोड़ीरही पुल के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। चालक जगदीश दास (42) और उपचालक रामेश्वर रविदास (25) गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को एंबुलेंस से चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
तीसरा हादसा बना काल
तीसरे हादसे में ट्रक BR06GD 9027 झारखंड से बिहार जा रहा था। दनुआ घाटी में अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक के नाले में गिरने से चालक अरविंद कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मलबे में उपचालक के दबे होने की आशंका थी। पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों रेस्क्यू के बाद उसका शव भी बाहर निकाला। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।







