Ranchi : JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में CID ने एक और सफल अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान समीर कुमार के रूप में हुई है। वह गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला है। समीर की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार सफल अभ्यर्थियों की संख्या सात हो गई है। CID इससे पहले सफल अभ्यर्थी दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह, अक्षय तिवारी और सुषमा कुमारी को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के मुताबिक, सभी की भूमिका कथित पेपर लीक प्रकरण में सामने आई है। CID की कार्रवाई जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे जांच का दायरा भी बड़ा होता जा रहा है। CID के अनुसार अक्षय तिवारी, परीक्षा संचालन एजेंसी TDPL के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी का भाई है, वहीं, सुषमा कुमारी अभय तिवारी की पत्नी बताई गई है। अभय तिवारी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, हालांकि उसकी गिरफ्तारी JPSC मेधा घोटाला मामले में हुई है। जांच एजेंसी के मुताबिक अभय तिवारी को JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं का कथित मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
1 जनवरी 2025 को दर्ज हुआ था मामला
JSSC-CGL में कथित पेपर लीक मामले में 1 जनवरी 2025 को CID थाना (कांड संख्या 01/2025) दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान CID ने सफल अभ्यर्थियों की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटाये। जांच एजेंसी का दावा है कि उसे गिरफ्तार किये गये अभ्यर्थियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। CID के अनुसार जांच में यह बात सामने आई है कि सफल अभ्यर्थियों ने रिश्वत देकर दलालों और एजेंटों के माध्यम से लीक प्रश्न हासिल किये। जांच एजेंसी का दावा है कि इन प्रश्नों के उत्तर याद कर अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की। यानी CID की जांच अब सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं है। उसकी नजर उस पूरे नेटवर्क पर है, जहां कथित तौर पर लीक प्रश्न से लेकर अभ्यर्थियों तक पहुंचाने और उसके बदले पैसे लेने का खेल चला।
अब रिमांड पर होगी पूछताछ
CID अब गिरफ्तार सभी अभ्यर्थियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पूछताछ में जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि लीक प्रश्न अभ्यर्थियों तक किस माध्यम से पहुंचा? दलाल और एजेंट कौन थे? किसे कितनी रकम दी गई? पेपर लीक के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे? अभ्यर्थियों और कथित पेपर लीक नेटवर्क के बीच संपर्क कैसे हुआ?







