Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के रमकंडा प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, रमकंडा में छात्र-छात्राओं से कथित तौर पर हाथ में बंधा कलावा (रक्षा सूत्र) और गले में पहने धार्मिक लॉकेट उतरवाने के आरोपों से बवाल हो गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुये जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि बुधवार को कक्षा के दौरान एक शिक्षक ने कुछ छात्र-छात्राओं से उनके हाथ में बंधे कलावा और गले में पहने धार्मिक लॉकेट उतरवा दिये। यह भी आरोप है कि विरोध करने वाले कुछ विद्यार्थियों को डांट-फटकार लगाई गई। स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चों ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, संबंधित शिक्षक की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विद्यालय पहुंचे अभिभावक, कार्रवाई की उठी मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गये। उन्होंने स्कूल परिसर में विरोध जताते हुये संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, जहां सभी धर्मों और समुदायों की आस्था का समान सम्मान होना चाहिये। उनका आरोप है कि किसी भी छात्र को उसकी धार्मिक पहचान से जुड़ी वस्तु हटाने के लिये मजबूर करना उचित नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुये गढ़वा के DC पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर शिक्षा विभाग की जांच टीम विद्यालय पहुंची। अधिकारियों ने प्रधानाध्यापक, संबंधित शिक्षक, छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। जांच टीम ने यह भी पड़ताल की कि क्या वास्तव में छात्रों से कलावा और लॉकेट उतरवाये गये थे और यदि ऐसा हुआ तो उसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। इसके साथ ही विद्यालय से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी एकत्र किये गये।
DC बोले, तथ्य सामने आने के बाद होगी कार्रवाई
DC पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराई जा रही है। सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जायेगा। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। इधऱ, घटना के बाद कुछ समय तक विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल रहा। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाये रखने और जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिये नियमित शैक्षणिक गतिविधियां जारी हैं और परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाये रखने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : जवनपुर में बंटी धोती, साड़ी और लूंगी…
इसे भी पढ़ें : चौपारण में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला मंत्र…
इसे भी पढ़ें : सड़कों पर उतरीं ममता, TMC-भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत…
इसे भी पढ़ें : चौपारण में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, गुमटी पर बैठी महिला बनी निशाना…
इसे भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट में 22 एजेंडों पर मुहर, युवाओं के भत्ते तक कई बड़े ऐलान…








