Giridih : एक बोतल बीयर के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बात हत्या तक पहुंच गई। गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप लाइन होटल संचालक महेश रजक और उसके कर्मचारी सीमा ठाकुर पर है। वारदात के बाद दोनों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में पूरी कहानी खुलकर सामने आ गई। SP डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुये पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टांगी और सब्बल, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
दूसरी बीयर की बोतल ने बिगाड़ा मामला
पुलिस के मुताबिक, 13-14 अगस्त की रात मिथिलेश यादव नशे की हालत में बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा इलाके में स्थित रिंकू होटल पहुंचा था। उसने बीयर मांगी। होटल से उसे एक बोतल बीयर दी गई। इसके बाद उसने दूसरी बोतल मांगी तो होटल संचालक ने पैसे मांगे। मिथिलेश ने होटल का QR कोड लिया और अपने दोस्त को भेज दिया, लेकिन होटल के खाते में पैसे नहीं पहुंचे। इसी वजह से होटल मालिक और कर्मचारी ने दूसरी बीयर देने से इनकार कर दिया। यहीं से विवाद ने तूल पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, बीयर नहीं मिलने पर मिथिलेश की होटल मालिक और कर्मचारी से बहस हो गई। इसके बाद वह अपनी बाइक से वहां से निकल गया। आरोप है कि होटल मालिक महेश रजक और कर्मचारी सीमा ठाकुर भी दूसरी बाइक से उसके पीछे निकल पड़े। कुछ दूर जाने के बाद कपसा मंदिर के पास सर्विस रोड पर मिथिलेश नशे के कारण बाइक समेत गिर गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने उस पर टांगी और सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। इसके लिये मिथिलेश की बाइक को क्षतिग्रस्त किया गया और उसे शव के पास गिरा दिया गया। शव को भी सर्विस रोड पर इस तरह रखा गया, ताकि पहली नजर में मामला दुर्घटना जैसा लगे।इसके बाद दोनों आरोपी वापस होटल लौट गये। पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल टांगी और सब्बल को होटल के नीचे बने कमरे में साफ कर छिपा दिया गया था। पुलिस ने होटल संचालक महेश रजक और कर्मचारी सीमा ठाकुर को अरेस्ट कर लिया। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।








