Kohramlive : पहाड़ों में रास्ते अक्सर मंजिल से ज्यादा इम्तिहान लेते हैं। कहीं खड़ी चढ़ाई, कहीं टूटती सड़क और कहीं गहरी खाई, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो तो जैसे हिम्मत और खतरे के बीच खिंची एक बेहद पतली लकीर की कहानी है। वीडियो में एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप ऐसे रास्ते को पार करती दिखाई दे रही है, जहां सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है। नीचे गहरी खाई और पानी का बहाव नजर आ रहा है। ऐसे में वाहन को आगे ले जाने के लिये सड़क के टूटे हिस्से के बीच सिर्फ दो गोल लोहे की पाइपें दिखाई देती हैं। और फिर जो होता है, उसे देखकर कुछ पल के लिये आंखें भी ठहर जाती हैं।
दो पाइपों पर टिकी पूरी गाड़ी
ड्राइवर बेहद सावधानी से पिकअप को उन दोनों पाइपों पर चढ़ाता है। वाहन के पहिये संकरी पाइपों पर टिके हैं और दोनों तरफ खाई का खतरा साफ दिखाई देता है। जरा सा संतुलन बिगड़ा नहीं कि गाड़ी नीचे जा सकती थी। आसपास खड़े कुछ लोग और मजदूर ड्राइवर को दिशा बताते दिखाई देते हैं। ड्राइवर भी बिना किसी जल्दबाजी के एक-एक इंच आगे बढ़ता है।कभी स्टीयरिंग थोड़ा संभालता है, कभी रफ्तार को बिल्कुल थाम देता है। सामने सिर्फ पाइप, नीचे खाई और बीच में जिंदगी से जूझती एक गाड़ी। वीडियो का सबसे डरावना पहलू यही है कि यहां गलती की गुंजाइश लगभग शून्य नजर आती है। गाड़ी का पहिया जरा सा भी पाइप से बाहर निकला या संतुलन बिगड़ा, तो नतीजा बेहद गंभीर हो सकता था। लेकिन ड्राइवर पूरे आत्मविश्वास के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहता है। कुछ क्षणों तक चलती यह कवायद देखने वालों के लिये किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं लगती। फिर आखिरकार वह पल आता है, जब बोलेरो पिकअप संकरे पाइपों का रास्ता पार कर दूसरी तरफ पहुंच जाती है। लोगों की सांस में सांस आती है… और वीडियो यहीं इंटरनेट पर बहस छोड़ जाता है। किसी ने कहा ‘खतरों का खिलाड़ी’, किसी ने बताया जानलेवा जोखिम वीडियो को एक्स पर @shyamyadavsp95 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। सामने आते ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।








