Kohramlive : जंगल की दुनिया में जिंदगी हर दिन कोई न कोई नया सबक दे जाती है। कभी कोई जानवर अपनी शरारत से मुस्कुराने पर मजबूर कर देता है, तो कभी उसकी समझदारी देखकर इंसान भी दंग रह जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा नन्हे हाथी ‘छोटू’ का एक वीडियो कुछ ऐसा ही है, जिसे देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाये। वीडियो महज 26 सेकंड का है, लेकिन छोटू की मासूमियत और दिमागदारी ऐसी है कि लोग इसे बार-बार देखने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।
खुजली हुई तो छोटू ने खुद ही खोज निकाला ‘इलाज’
वीडियो में नन्हा हाथी बेचैन नजर आता है। शायद शरीर के किसी हिस्से में खुजली हो रही थी। आमतौर पर हाथी पेड़ के तने या किसी खुरदरी सतह से शरीर रगड़कर राहत पा लेते हैं।लेकिन छोटू ने इस बार कुछ अलग करने की ठानी। जमीन पर पड़ी छोटी सी लकड़ी की टहनी पर उसकी नजर पड़ी। नन्हे हाथी ने उसे अपनी सूंड से उठाया और बड़े आराम से शरीर के उस हिस्से तक ले गया, जहां खुजली हो रही थी। फिर क्या था, टहनी से धीरे-धीरे खुजलाना शुरू कर दिया। उसकी यह अदा ऐसी लगी, मानो छोटू कह रहा हो,“जब अपना इंतजाम खुद किया जा सकता है, तो किसी और को क्यों परेशान करें!” वीडियो में जिस सहजता से छोटू लकड़ी का इस्तेमाल करता दिखाई देता है, वह लोगों को खूब भा रहा है। नन्हे हाथी की समस्या सुलझाने की यह कोशिश सोशल मीडिया यूजर्स को खास तौर पर पसंद आ रही है। इस प्यारे वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर IFS अधिकारी सुशांत नंदा ने अपने अकाउंट से शेयर किया है। उन्होंने छोटू की इस अदा को बेहद प्यारे अंदाज में बताते हुये लिखा, “क्यूट छोटू… खुजली मिटाने के लिये एक छोटी सी टहनी।”
Cutie Chotu. A small twig to beat the itch …. pic.twitter.com/VMZJ3jSxbu
— Susanta Nanda IFS (Retd) (@susantananda3) August 22, 2026








