Ranchi : राजधानी रांची में क्राइम कंट्रोल से लेकर आम आदमी की शिकायत तक, रांची पुलिस ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने आज कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात और लंबित कांडों की स्थिति को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में सिटी SP, रूरल SP, ट्रैफिक SP, सभी DSP, थानेदार और यातायात पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिसिंग की हर उस कड़ी को परखा गया, जिसका सीधा संबंध आम लोगों की सुरक्षा और न्याय से है।
भूमि विवाद से लेकर साइबर अपराध तक, हर फाइल पर नजर
बैठक में भूमि विवाद, गुमशुदगी, IT Act के मामले, चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध, न्यायालयीय प्रक्रिया, मालखाना में लंबित जब्त सामान और वाहन समेत कई बिंदुओं की समीक्षा हुई।SSP ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान हो। संबंधित मामलों में 60 से 90 दिनों के भीतर अनुसंधान पूरा कर चार्जशीट दाखिल करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। अनावश्यक देरी हुई तो जिम्मेदारी भी तय होगी।
गुमशुदा लोगों और बच्चों की तलाश में ढिलाई नहीं
Missing Persons से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिये गये हैं। खासकर गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की जल्द बरामदगी के लिये प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया।POCSO मामलों की भी नियमित समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने का निर्देश दिया गया।
चोरी के मोबाइल से लेकर चोरों तक
CEIR Portal में दर्ज गुम मोबाइल से जुड़े मामलों की भी नियमित समीक्षा होगी। बरामद मोबाइल की जरूरी जांच और प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। वहीं चोरी, गृहभेदन, चेन स्नैचिंग और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के उद्भेदन के लिये विशेष प्रयास करने को कहा गया है। बैठक में जेल से बाहर आये अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखने का निर्देश दिया गया। खासकर NDPS और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे तथा दो या उससे अधिक मामलों में आरोपी रहे लोगों को चिन्हित कर Surveillance Proceeding के तहत कार्रवाई करने की बात कही गई। अवैध हथियार, NDPS, चेन स्नैचिंग, चोरी, गृहभेदन और संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है।
रात में जागेगी पुलिस, QR कोड बतायेगा गश्ती का हिसाब
रांची की रात की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिये गये हैं। थानेदारों को स्वयं रात में क्षेत्र भ्रमण और पेट्रोलिंग की निगरानी करने को कहा गया है। पेट्रोलिंग पार्टियों के लिये QR Code आधारित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित पेट्रोलिंग प्वाइंट पर QR कोड स्कैन किया जायेगा, जिससे गश्ती की नियमितता और प्रभावशीलता पर नजर रखी जा सके। DSP को भी अपने-अपने क्षेत्रों में रूटीन और रात्रिकालीन गश्ती की नियमित निगरानी करनी होगी।
चौक-चौराहों पर बढ़ेगी मौजूदगी
अपराध के साथ यातायात व्यवस्था भी बैठक के एजेंडे में रही। प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर यातायात पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। उद्देश्य साफ है, सड़क पर जाम कम हो, व्यवस्था बेहतर हो और आम लोगों को परेशानी न हो। बैठक में आम लोगों की शिकायतों को लेकर भी खास संदेश दिया गया। SSP ने स्पष्ट किया कि किसी नागरिक को FIR दर्ज कराने के लिये थाने-थाने भटकना न पड़े। पीड़ित की शिकायत पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ई-साक्ष्य से मजबूत होगी जांच की कड़ी
अनुसंधान को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिये E-Sakshya (ई-साक्ष्य) के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया गया। साक्ष्यों का उचित संकलन, अपलोडिंग और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। मालखाना में लंबे समय से पड़े जब्त वाहन और सामान की भी समीक्षा होगी। जिन मामलों में न्यायालयीय या अनुसंधान संबंधी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनमें जरूरी आदेश लेकर जब्त सामग्री और वाहनों के नियमानुसार निष्पादन की कार्रवाई की जायेगी। पुलिस को लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है। सुने क्या बोले SSP राकेश रंजन…
पुलिसकर्मियों को दिये ये खास टास्क, क्या बोले SSP… देखें वीडियो#RanchiPolice #RanchiSSP #RakeshRanjan #SSPRakeshRanjan #RanchiCrimeNews #RanchiPoliceMeeting pic.twitter.com/skzi6xCJl6
— KohramLive (@KohramLive) August 23, 2026








