UP : ट्रेन में सफर के दौरान एक सीट को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी कब इतनी भयावह हो गई कि एक मां को अपनी ही बेटियों के सामने मार खानी पड़ी, इसका अंदाजा वायरल वीडियो देखकर लगाया जा सकता है। बेटियां अपनी मां को बचाने के लिये GRP के सिपाही को पीछे खींचती रहीं, लेकिन सिपाही के हाथ नहीं रुके। महिला पर लगातार घूंसे बरसते रहे और देखते ही देखते उसके सिर से खून बहने लगा। यह घटना दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस की है। बिहार निवासी एक परिवार और GRP के दो सिपाहियों के बीच हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी सिपाही महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वहीं, इस मामले में दोनों GRP सिपाहियों ने भी महिला और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज तथा वर्दी फाड़ने का आरोप लगाते हुये प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एक सीट से शुरू हुआ विवाद
GRP अधिकारियों के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, बीते 18 नवंबर की शाम जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से नजीबाबाद के लिये रवाना हुई थी। ट्रेन के एक कोच में बिहार निवासी एक महिला सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान एक दूसरी महिला गोद में बच्चा लेकर वहां पहुंची और बैठने के लिये जगह मांगी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात GRP मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुये सीट पर लेटी महिला से बच्चा गोद में लिये खड़ी महिला को बैठने के लिये जगह देने को कहा। बस, इसी बात पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि बिहार निवासी महिला ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी तीन बेटियां और दो युवक भी विवाद में शामिल हो गये।
महिला पर घूंसे बरसाता दिखा सिपाही
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में GRP का एक सिपाही महिला पर लगातार घूंसे बरसाता नजर आ रहा है। महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने के लिये आगे आती हैं। वे सिपाही को पीछे खींचने की कोशिश करती हैं, लेकिन इस दौरान भी मारपीट जारी रहती है। वीडियो में महिला के सिर से खून निकलता दिखाई देता है। एक तरफ वर्दी में कानून की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी हैं, तो दूसरी तरफ अपनी मां को बचाने के लिये संघर्ष करती बेटियां। इस दृश्य ने पुलिस के व्यवहार और महिला की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं। दूसरी तरफ GRP सिपाही ललित सागर और अजय कुमार ने अपनी शिकायत में अलग ही घटनाक्रम बताया है।घटना की सूचना मिलने के बाद नजीबाबाद GRP और RPF की टीम ने ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर कार्रवाई की। ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से नजीबाबाद पहुंची थी। पुलिस ने मारपीट के आरोपी दो युवकों को पकड़ लिया, वहीं, महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से रवाना हो गईं। GRP सिपाही ललित सागर और अजय कुमार के बयान पर बिहार के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें बेतिया निवासी रूबी देवी और उनकी तीन बेटियां लक्ष्मी, सुनीता व खुशी, समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार तथा दरभंगा के बहेड़ी निवासी चंदन ठाकुर शामिल हैं। इन सभी पर मारपीट, वर्दी फाड़ने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।




