Ranchi : सरकारी नौकरी पाने के लिये युवा सालों तक मेहनत करते हैं, दिन-रात किताबों में जुटे रहते हैं। लेकिन झारखंड के बहुचर्चित JSSC-CGL परीक्षा धांधली मामले में जो खुलासा हुआ है, उसने पूरी चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। यहां कथित तौर पर परीक्षा पास कराने के बदले सिर्फ पैसों का लेन-देन नहीं हुआ, बल्कि सरकारी नौकरी के बदले शादी की शर्त भी रखी गई। CID रिपोर्ट के अनुसार, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) आनंद कुमार सिंह ने अपने चाचा अवधेश सिंह के माध्यम से परीक्षा में सेटिंग कराई थी। इसके बदले उसे मुख्य साजिशकर्ता रामकिशोर सिंह उर्फ मिथिलेश सिंह उर्फ आरके सिंह के रिश्तेदार की बेटी से शादी करनी थी। आरोप है कि आनंद इस शर्त पर तैयार हो गया और परीक्षा में सफल होने के बाद मई 2026 में दोनों की शादी भी हो गई।
चाचा ने मिलाया हाथ, नौकरी के बदले शादी का प्रस्ताव
CID की जांच के मुताबिक, आनंद कुमार सिंह वर्ष 2019 से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये पटना के बोरिंग रोड इलाके में रह रहा था। इसी दौरान उसके चाचा अवधेश सिंह ने उसे बताया कि मिथिलेश सिंह की परीक्षा में सेटिंग कराने वालों से पहचान है और वह उसे JSSC-CGL परीक्षा पास करा सकता है। लेकिन इसके लिये एक शर्त रखी गई। आनंद को मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार की बेटी से शादी करनी होगी। आरोप है कि आनंद और उसके परिवार की सहमति के बाद परीक्षा में सेटिंग का रास्ता तैयार हुआ। CID के समक्ष दिये गये आनंद के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, परीक्षा से पहले उसके चाचा लगातार संपर्क में थे और उसे आगे की गतिविधियों के बारे में निर्देश दे रहे थे। CID सूत्रों के अनुसार, 21 सितंबर 2024 की रात का पूरा घटनाक्रम दर्ज है। आनंद 20 सितंबर की रात पटना से ट्रेन पकड़कर बोकारो पहुंचा था। वहां से वह पास के एक होटल में ठहरा। बाद में उसे सेक्टर-4 स्थित राम मंदिर के पास बुलाया गया। आरोप है कि वहां से उसे पहले एक कार में बैठाया गया और फिर पेट्रोल पंप के पास दीपक कुमार की गाड़ी में बैठाकर दुग्दा स्थित एक क्वार्टर ले जाया गया। यह क्वार्टर सह-अभियुक्त उमेश कुमार राय को आवंटित था। वहां पहले से करीब 15 से 20 अभ्यर्थी मौजूद थे। आनंद के पहुंचने के बाद उनकी संख्या बढ़कर 24-25 हो गई। इसके बाद कथित मुख्य साजिशकर्ता मिथिलेश सिंह अपने दो सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने JSSC-CGL परीक्षा के तीनों पेपर के सवाल-जवाब की पांच से छह प्रतियां अभ्यर्थियों को दीं। इन प्रतियों में सही उत्तर पहले से चिह्नित थे। अभ्यर्थियों को बताया गया कि अगले दिन परीक्षा में यही सवाल पूछे जायेंगे। इसके बाद सभी ने समूह बनाकर रात करीब दो बजे तक प्रश्नों और उत्तरों को याद किया। CID के अनुसार, बाद में प्रश्नपत्र की प्रतियां जला दी गईं।
परीक्षा पास होने के बाद मई 2026 में हुई शादी
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू शादी की कथित शर्त है। आनंद के बयान के अनुसार, परीक्षा में सेटिंग कराने के बदले मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार की बेटी से शादी करने की बात तय हुई थी। परीक्षा परिणाम आने के बाद अवधेश सिंह ने पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के कंडाप गांव में रहने वाले परिवार से रिश्ता कराया। बाद में आनंद को पता चला कि परीक्षा में कथित तौर पर सेटिंग कराने वाला मिथिलेश सिंह उसकी होने वाली पत्नी का फूफा है। इसके बाद मई 2026 में दोनों की शादी हो गई। CID ने इस रिश्ते को परीक्षा में कथित सेटिंग के बदले तय किये गये लाभ के तौर पर दर्ज किया है। विजय कुमार तिवारी और उमेश कुमार राय के बयानों में आनंद की पहचान सामने आने के बाद CID ने 28 अगस्त 2026 को उससे पूछताछ की। सीआईडी के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। CID ने अपनी रिपोर्ट में आनंद का मोबाइल CDR, सह-अभियुक्तों के बयान, मकान मालिक का बयान, दुग्दा के क्वार्टर का सत्यापन और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को शामिल किया है। उसका मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिये भी भेजा गया था।
मोबाइल बंद कराये गये , फिर परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थी
जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले अपने मोबाइल फोन बंद रखने का निर्देश दिया गया था। आनंद का मोबाइल 21 सितंबर 2024 को दोपहर 3 बजकर 13 मिनट के बाद बंद हुआ और 22 सितंबर को शाम 5 बजकर 12 मिनट के बाद दोबारा चालू हुआ। CID के मुताबिक, आनंद, अक्षय कुमार तिवारी और विजय कुमार तिवारी के मोबाइल फोन बोकारो के सेक्टर-4 इलाके में महज 13 मिनट के अंतराल पर बंद हुये थे। अगली सुबह करीब छह से सात बजे आनंद, दीपक कुमार और विजय कुमार तिवारी दीपक की कार से चास स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे। आनंद का परीक्षा केंद्र चिचिकिया, चास में था। CID का दावा है कि परीक्षा में वही सवाल आये, जिन्हें पिछली रात दुग्दा के क्वार्टर में अभ्यर्थियों को याद कराया गया था।
एक ही कथित सेटिंग से कई अभ्यर्थी बने ASO
CID की जांच में यह भी सामने आया कि दुग्दा के क्वार्टर में मौजूद कई अभ्यर्थियों का चयन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर हुआ। इनमें आनंद कुमार सिंह, दीपक कुमार, विजय कुमार तिवारी और उमेश कुमार राय के नाम शामिल हैं। आनंद कुमार सिंह वर्तमान में हजारीबाग स्थित DIG कार्यालय में ASO के पद पर कार्यरत था। उसने 31 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण किया था। CID रिपोर्ट में एक और अहम नाम रत्नेश कुमार सिंह उर्फ साजन का है। वह कथित मुख्य साजिशकर्ता मिथिलेश सिंह का भांजा बताया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, रत्नेश भी इसी CGL परीक्षा के जरिये ASO बना और देवघर के जल संसाधन विभाग में पदस्थापित हुआ। इससे जांच एजेंसी को आशंका है कि कथित गिरोह परीक्षा में धांधली के जरिये अपने रिश्तेदारों को भी सरकारी पदों पर पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।
चाचा और मास्टरमाइंड के बीच 86 कॉल
आनंद की भूमिका की पुष्टि के लिये CID ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया। चार्जशीट के अनुसार, आनंद के चाचा अवधेश सिंह और रामकिशोर सिंह उर्फ मिथिलेश सिंह के दो मोबाइल नंबरों के बीच 13 सितंबर 2024 से 9 मई 2026 तक कुल 86 कॉल दर्ज किये गये। वहीं, अवधेश सिंह के मोबाइल से आनंद के नंबर पर 281 बार संपर्क किए जाने का विवरण सामने आया। जांच में यह भी बताया गया है कि परीक्षा से ठीक पहले मिथिलेश सिंह और अवधेश सिंह के बीच बातचीत होती थी। इसके कुछ ही सेकंड बाद अवधेश सिंह आनंद को फोन करते थे। 21 सितंबर 2024 को भी कथित तौर पर यही सिलसिला चला। मिथिलेश सिंह से जुड़े नंबर से अवधेश सिंह को फोन आया। इसके बाद चाचा ने आनंद को निर्देश दिये। आनंद ने आगे मिथिलेश से संपर्क किया और फिर अपने चाचा को जानकारी दी।




