Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा पर राज्य के अलग-अलग जिलों में सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के साथ महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आवास और खेलकूद को बढ़ावा दिया जा रहा है। शनिवार को रांची से लेकर जमशेदपुर, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, लोहरदगा, चतरा और कोडरमा तक कई कार्यक्रम आयोजित हुये। कहीं महिलाओं को स्वरोजगार के लिये आर्थिक सहायता मिली, तो कहीं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। इन गतिविधियों के जरिए आत्मनिर्भर और जागरूक झारखंड की तस्वीर सामने आई।
महिलाओं को लाखों की मदद
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका पर खास जोर दिया जा रहा है। रांची जिले के सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। वहीं, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिये 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किये गये। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। सामुदायिक निवेश निधि के तहत महिला समूहों को वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी भी पूरा किया गया। जमशेदपुर के मुसाबनी और डुमरिया में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों और लाभुकों को क्रमशः 1.26 करोड़ रुपये और 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों के बीच गेहूं, चना और सरसों के बीज बांटे गये। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया गया। इसके तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण तथा मातृत्व से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार, इस अभियान में कुल 1,85,070 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लोहरदगा में महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों में 5,127 लोगों की भागीदारी रही। इसके साथ ही बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
गरीब परिवारों को मिला अपने घर का सुख
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान आवास योजनाओं के लाभुकों के लिये गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। रांची, हजारीबाग, चतरा और अन्य जिलों में विभिन्न योजनाओं के तहत बने घरों में लाभुकों ने प्रवेश किया। कोडरमा में 65 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, हजारीबाग में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों की सौगात मिली। वहीं, ग्रामीण और जनजातीय प्रतिभाओं को आगे लाने के लिये खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। गिरिडीह में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेलों में हिस्सा लिया। दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के जरिए झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। वहीं, विभिन्न जिलों में स्वच्छता अभियान, बाल सभाएं, प्रभात फेरी, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिये लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई, लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान चलाया गया, चतरा में पेंशन एवं राजस्व शिविर लगाये गये। सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुये।





