UP : कुछ रिश्ते वक्त और दूरियों के बावजूद कभी कमजोर नहीं पड़ते। मां और बेटे का रिश्ता भी ऐसा ही होता है। बेटा दुनिया में कितनी ही बड़ी पहचान बना ले, मां की नजरों में वह हमेशा उसका बच्चा ही रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी के जीवन से जुड़ा एक पुराना प्रसंग इन दिनों फिर याद किया जा रहा है। मां के निधन के बाद यह कहानी और भी भावुक कर रही है। यह उस समय की बात है, जब योगी आदित्यनाथ संन्यास ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। वह घर लौटे जरूर थे, लेकिन इस बार बेटे के रूप में नहीं, बल्कि संन्यासी के रूप में। उनके आने का उद्देश्य परिवार के साथ कुछ पल बिताना नहीं, बल्कि संन्यास परंपरा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विधान पूरा करना था।
जब मां के सामने संन्यासी बनकर पहुंचे थे बेटा
वर्ष 1993 में अजय सिंह बिष्ट घर छोड़कर गोरखपुर पहुंचे थे। इसके बाद 14 जनवरी 1994 को उन्होंने संन्यास की दीक्षा ग्रहण की और योगी आदित्यनाथ बन गये। करीब चार साल बाद जब वह अपने गांव पंचूर लौटे तो उन्हें संन्यासी परंपरा के अनुसार माता-पिता से भिक्षा ग्रहण करनी थी। घर के आंगन में जब मां सावित्री देवी अपने संन्यासी बेटे के सामने आईं तो भावनाएं उमड़ पड़ीं। मां ने भिक्षा के रूप में चावल, फल और सिक्के दिये। लेकिन यह सिर्फ भिक्षा देने का क्षण नहीं था। मां के हाथों में परंपरा निभाने का संकल्प था और आंखों में बेटे से बिछड़ने का दर्द।
मां ने रोका तो बेटे ने कही दिल छू लेने वाली बात
बेटे को दोबारा अपने से दूर जाता देख मां की आंखें छलक पड़ीं। मां का मन उसे रोक लेने का था। उन्होंने बेटे से वापस न जाने की गुहार लगाई। एक तरफ मां की ममता थी, जो अपने बच्चे को अपने पास रखना चाहती थी, तो दूसरी तरफ संन्यासी बेटे का वह संकल्प था, जिसे निभाने के लिये उसने घर-परिवार छोड़ दिया था। इसी भावुक पल में योगी आदित्यनाथ ने मां से कहा था, ‘मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा लेने आया हूं।’ शब्द छोटे थे, लेकिन उनका अर्थ बहुत गहरा था। मां के लिये सामने खड़ा व्यक्ति उनका बेटा था, जबकि वह अपने संन्यासी धर्म और परंपरा का पालन करने आया था। उस दिन सावित्री देवी ने बेटे को भिक्षा देकर संन्यास परंपरा का निर्वहन किया। उन्होंने बेटे के फैसले का सम्मान किया, लेकिन मां का मन उसे विदा करने के लिये शायद कभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ। आज मां के निधन के बाद पंचूर गांव में इस प्रसंग को याद कर लोग भावुक हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सावित्री देवी ने हमेशा बेटे को अपना आशीर्वाद दिया और उसके संन्यासी जीवन के फैसले का सम्मान किया। समय बदल गया, बेटा देश के सबसे बड़े राजनीतिक पदों में से एक पर पहुंच गया, लेकिन मां के लिये वह वही बेटा रहा, जिसे कभी अपने आंगन से विदा करते हुये उनकी आंखें भर आई थीं। मां-बेटे के रिश्ते की यही भावुक तस्वीर आज लोगों के दिलों को छू रही है।




