Dhanbad : धनबाद के झरिया थाना अंतर्गत बस्ताकोला टीओपी में शनिवार को प्रेम प्रसंग का मामला हिंसक झड़प में बदल गया। प्रेमी, प्रेमिका और पति के बीच हो रही कहासुनी को शांत कराने पहुंचे हवलदार ललित यादव पर ही हमला हो गया। इल्जाम है की प्रेमी नीतिश ने हवलदार की जमकर पिटाई की और टीओपी में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद नीतिश के परिजन और बस्ती के सैकड़ों लोग टीओपी पहुंच गये और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख झरिया इंस्पेक्टर और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात काबू में किये। थानेदार शशि रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और एक बाइक जब्त की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हवलदार ललित यादव ने बताया, “मैं दो युवकों को शांत कराने गया था, लेकिन अचानक मुझ पर हमला कर दिया गया। खिड़की-दरवाजे तोड़ दिये गये। अगर पेट्रोलिंग टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो मेरी जान जा सकती थी।” थाना प्रभारी ने कहा कि अभी तक हवलदार की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।










