ओरमांझी (रांची) : ओरमांझी के एक किसान के समक्ष इस महामारी में भूखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। कड़ी मेहनत कर ओरमांझी प्रखंड के डहू गांव के निवासी बिंदेश महतो ने 1 एकड़ में गेहूं की फसल लगाई थी। फसल तैयार भी हुई। अब उसे मिसाई कर घर ले जाने की तैयारी में था। मगर उससे पहले ही किसी ने उसकी मेहनत को आग के हवाले कर दिया। बुधवार की देर रात अज्ञात लोगों ने खेत में गांज बनाकर रखे गेहूं की फसल में आग लगा दी, जिससे पूरा तैयार फसल जलकर राख हो गया।
Read More : कोरोना ने ली एक और अधिकारी की जान, रांची मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर ने तोड़ा दम
गुरुवार की सुबह बिंदेश जब अपने खेत में मशीन लेकर गेहूं की मिसाइ के लिए पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि पूरा गांज जला पड़ा है। इस संबंध में बिंदेश ने ओरमांझी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस अगलगी में बिंदेश को करीब 25 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। बिंदेश का कहना है कि उसकी तो कमर ही टूट गई। कड़ी मेहनत कर गेहूं की फसल उगाई थी और जब उसे घर लाने का समय हुआ तो किसी ने उसमें आग लगा दी। बिंदेश ने प्रखंड प्रशासन से मदद की भी गुहार लगाई है।

Read More : देखिये, ड्रोन की नजर से खौफ़जदा राजधानी रांची की तस्वीर










