Hazaribagh(Chouparan)(Krishna Paswan) : चौपारण प्रखंड के तहत महुदी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोकसंतप्त कर दिया। 17 साल के घर का इकलौता बेटा शौर्य प्रताप उर्फ सुजल, की चेक डैम में डूबने से मौत हो गई। शौर्य अपने दोस्तों के साथ लोहंडी स्थित लेढिया नदी पर बने चेक डैम घूमने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह पानी में गिर पड़ा और गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुये उसे पानी से बाहर निकाला और चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुये हजारीबाग रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टूटा पूरा परिवार
शौर्य तीन बहनों में इकलौता भाई था। पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। मां सुरेखा देवी ‘प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल’ में शिक्षिका हैं। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अभी अविवाहित है। पूरे परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। इधर, शनिवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय महुदी की सहायक शिक्षिका (पारा शिक्षक) अनिता राणा के दामाद की भी असमय मृत्यु हो गई। यहां याद दिला दें कि उनकी बेटी की शादी इसी साल 29 अप्रैल को ही हुई थी। एक ही दिन दो युवा जीवनों के बुझ जाने से महुदी गांव में मातम पसरा है। हर आंख नम है और हर दिल दुखी। परिजन, मित्र और ग्रामीण गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं।














