Garhwa (Nityanand Dubey) : घर के बरामदे मे रखे पुआल में अचानक आग लग गयी। वहां खेल रहे दो मासूम बच्चे जिंदा जल मर गए। वहीं, 5 साल का चंदन झुलस गया। काल के गाल में समा गए 4 साल के चंद्रेश कुमार और 3 साल की रुबिता रिश्ते मे भाई-बहन थे। इनके पिता का नाम राजनाथ है। वहीं झुलसा बच्चा चंदन कोरवा पड़ोसी है। उसके पिता का नाम बिगन कोरवा है। पोस्टमार्टम के बाद लाशें परिजनों को दे दी गई। चंदन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह लोमहर्षक कांड गढ़वा जिले के बड़गड़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत टेहरी पंचायत के कोरवाटोली गांव की है।
घटना के संबंध में बताया गया कि राजनाथ कोरवा अपनी पत्नी के साथ महुआ चुनने घर से पांच-छह किमी दूर जंगल चले गए थे। वहीं पड़ोसी बिगन कोरवा भी पत्नी के साथ महुआ चुनने जंगल गया था। राजनाथ के 4 साल के बेटे चंद्रेश कुमार और 3 साल की बेटी रूबिता कुमारी और पड़ोसी बिगन का बेटा चंदन कोरवा घर पर अकेले थे। तीनों बच्चे बगल में रहने वाले पड़ोसी टिगड़ा कोरवा के घर के बरामदे पर खेल रहे थे। टिगड़ा के घर में भी कोई नहीं था। उसी क्रम में बरामदे में रखे पुआल में अचानक आग लग गई। बरामदे के दरवाजे के रूप में लगी चटाई में भी आग पकड़ ली। बच्चों को कुछ समझ नहीं आया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। राजनाथ के दोनों बच्चे बेटे चंद्रेश और बेटी रूबिता आग की लपटों के बीच घिर गई। चंदन किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रहा। घटना में दोनों भाई-बहन जिंदा जल गए। वहीं झुलसा चंदन बदहवास पास के नदी की ओर भाग गया। धू-धू कर जल रहे आग की लपटें इतनी तेज थी कि एक संतरी के घर को भी चपेट में ले लिया। आसपास से जुटे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।वहीं मृतक बच्चों के परिजन को तत्काल पांच-पांच हजार रुपये नकद और 70 किलो चावल दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Panchayat Election 2022 : झारखंड में पंचायत चुनाव का ऐलान, यहां जानिये पूरा शेड्यूल
इसे भी पढ़ें : रांची में इस शख्स का सिर हुआ धड़ से अलग, देखें कैसे…
इसे भी पढ़ें : रामनवमी में उपद्रवियों पर पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर, लोहरदगा-लातेहार में क्या है तैयारी




