Garhwa(Nityanand Dubey) : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को चिनियां प्रखंड में दो परिवारों के अबुआ आवास योजना से बने घर मिले। वहीं, गांव में सड़क निर्माण का शिलान्यास कर विकास की एक और पहल की गई। चिनियां ग्राम पंचायत के चिरका गांव में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू की मौजूदगी में अबुआ आवास योजना के लाभुक बिंदु देवी और ललिता देवी ने अपने नये पक्के घरों में प्रवेश किया। इस मौके पर दोनों आवासों के परिसर में फलदार पौधे भी लगाये गये। इसके जरिये पक्के घर के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया। गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद ग्राम पंचायत बिलैतीखैर में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत तीनमुहान से ब्रह्मदेव सिंह के घर तक जीएसबी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
नशामुक्ति का संकल्प
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बिलैतीखैर स्थित छठ घाट और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर ग्रामीणों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी कराया गया। इसके बाद विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्यों और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुबोध कुमार, परियोजना पदाधिकारी, सहायक परियोजना पदाधिकारी और डीआरडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
स्कूलों में पेंटिंग और निबंध से झलकी झारखंड की विरासत
उधर, स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के सभी विद्यालयों में ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को झारखंड के गठन के संघर्ष, राज्य आंदोलन, जनजातीय संस्कृति, वीर सपूतों और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया गया। स्कूलों में पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं हुईं। बच्चों ने अपनी चित्रकारी के जरिए झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय कला और सांस्कृतिक पहचान को उकेरा। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में राज्य के इतिहास, आंदोलन, महापुरुषों और विकास की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों को राज्य के उज्ज्वल भविष्य और विकास में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई। डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से झारखंड आंदोलन के ऐतिहासिक संघर्ष और आंदोलनकारियों के योगदान की जानकारी दी गई।









