Chatra : रोजी-रोटी की उम्मीद लेकर घर से निकले मजदूरों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि प्लांट में काम करते हुये उनके साथ ऐसा हादसा हो जायेगा। चतरा के टंडवा स्थित NTPC के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का भारी स्ट्रक्चर अचानक गिर पड़ा और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गये। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताये जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिये संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, हादसे में मृतकों की वास्तविक संख्या को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। NTPC प्रबंधन की ओर से भी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
CHP-JH-1 लोकेशन पर ऐसे हुआ हादसा
खबर है कि दुर्घटना प्लांट के CHP-JH-1 लोकेशन पर हुई। यहां निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का काम चल रहा था। NTPC ने निर्माण कार्य का ठेका थायसन कंपनी को दिया था, जबकि काम पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर अचानक गिर गया। उसकी चपेट में कई मजदूर आ गये। शुरुआती जानकारी में स्ट्रक्चर के डिजाइन में कथित तकनीकी खामी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई। श्रमिकों के अनुसार, हादसे में तीन मजदूरों की जान गई है। वहीं, पुलिस ने एक मजदूर की मौत और तीन अन्य के घायल होने की जानकारी दी है। कई अन्य मजदूरों के घायल होने की भी खबर है। NTPC प्रबंधन ने फिलहाल मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों की मौत से आक्रोशित श्रमिकों ने कार्यस्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर टंडवा पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मजदूरों में आक्रोश, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
हादसे के बाद प्लांट परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मजदूरों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर निर्माण कार्य के दौरान इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभालने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। निर्माणाधीन स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे पर CM हेमंत सोरेन दुखी, अधिकारियों को दिये निर्देश
टंडवा NTPC हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक जताया।CM ने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुये घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से कहा है कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिये। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। CM हेमंत सोरेन ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की। वहीं, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।









