Palamu : पलामू में अपराध की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही पुलिस ने साजिश रच रहे अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मंगरदाहा घाटी में हथियारों के साथ घूम रहे राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्ध सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इल्जाम है कि ये अपराधी लेवी वसूलने के लिये निर्माण स्थल पर गोलीबारी करने की तैयारी में थे। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा गोलियां, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किये हैं। पलामू SP कपिल चौधरी ने आज पुलिस सभागार में मीडिया के सामने पूरे मामले का खुलासा किया। पकड़े गये बदमाशों के नाम सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, युसुफ अंसारी शाहिद खलीफा (सभी चैनपुर) बताये गये।
आधी रात मिली सूचना, पुलिस ने घाटी में बिछाया जाल
SP कपिल चौधरी ने बताया कि 17 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं। आशंका थी कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किये कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी। SP के निर्देश पर सदर SDPO राजेश यादव के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई गई। गठित टीम मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे चार युवकों को जवानों ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं। SP के मुताबिक, सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने पूछताछ में बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिये काम करते हैं। उनकी योजना लहलहे में संचालित एक निर्माण साइट पर जाकर लेवी मांगने के उद्देश्य से फायरिंग करने की थी। यानी निर्माण कार्य में लगे लोगों के बीच दहशत पैदा कर अवैध वसूली का दबाव बनाने की तैयारी थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।









