Ranchi : राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिये जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जायेंगी। इसे देखते हुये रांची के तीन परीक्षा केंद्रों के आसपास नौ दिनों के लिये निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। प्रशासन का यह आदेश परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में प्रभावी रहेगा। सुबह 6.30 बजे से रात 9 बजे तक इन इलाकों में विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। यानी परीक्षा केंद्रों के आसपास बेवजह भीड़ जुटाने, सभा करने और शोर-शराबा करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी।
सदर SDO ने जारी किया आदेश, इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
रांची सदर SDO कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का आदेश जारी किया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निम्नलिखित प्रतिबंध लागू रहेंगे:
पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर जमा होने पर रोक।
किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक।
अस्त्र-शस्त्र और हरवे-हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध।
परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक।
प्रतिबंधित हथियारों में बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला सहित अन्य हथियार शामिल हैं। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारियों, सरकारी कार्यक्रमों और शवयात्रा को आदेश से छूट दी गई है।
रांची के इन तीन परीक्षा केंद्रों पर रहेगी प्रशासन की नजर
SSC की परीक्षाएं राजधानी के तीन केंद्रों पर आयोजित की जायेंगी। इनके आसपास निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। कैपस्टोन टेक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर, आउटर रिंग रोड, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पास, कांके। आइडियल इंटरनेशनल स्कूल, दलादली, रांची। एसडीजेड इन्फोटेक-1, रामपुर, रांची।
तीन अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं का होगा आयोजन
कर्मचारी चयन आयोग (पूर्वी क्षेत्र), कोलकाता से प्राप्त सूचना के अनुसार, इन परीक्षा केंद्रों पर तीन प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जायेंगी।
सब-इंस्पेक्टर इन दिल्ली पुलिस एंड सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज परीक्षा-2026।
सब-इंस्पेक्टर इन दिल्ली पुलिस एंड CAPFs परीक्षा-2025।
जूनियर इंजीनियर (टेलीकम्युनिकेशन) परीक्षा-2026।
सुरक्षा पर प्रशासन का जोर
लगातार नौ दिनों तक चलने वाली इन परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनुशासन और शांति बनाये रखने की तैयारी की है। निषेधाज्ञा का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था, अनावश्यक भीड़ और व्यवधान को रोकना है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों के आसपास रहने वाले लोगों और वहां आने-जाने वालों को प्रशासन के आदेश का पालन करना होगा। वहीं, परीक्षार्थियों को भी सलाह है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिये प्रशासनिक निर्देशों का ध्यान रखें।









