Garhwa : अपराध की दुनिया में तरीके बदलते देर नहीं लगती। गढ़वा शहर में इन दिनों लूट का एक ऐसा पैटर्न सामने आया है, जिसने आम लोगों के साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया है। न हथियार दिखाया जा रहा है, न धमकी दी जा रही है, बस बातचीत का ऐसा जाल बिछाया जा रहा है कि सामने वाला अपना कीमती सामान गंवा बैठता है। पिछले कुछ समय में इस तरह की करीब पांच घटनायें सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें लाखों रुपये के जेवरात और सामान लूटे जा चुके हैं। कई घटनाओं के CCTV फुटेज भी सामने आये हैं, लेकिन अब तक पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है। खबर है कि राजधानी रांची के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की वादातें हुई है। रांची के सदर, खेलगांव एवं लोअर बाजार थाना क्षेत्र में जेवर चमकाने के नाम पर कीमती गहने-जेवरात लेकर भाग निकलने की वारदातें हुई है। पुलिस के हाथ अबतक खाली हैं।
बातों में फंसाया और फिर माल लेकर रफूचक्कर
पुलिस के मुताबिक, इन घटनाओं में एक खास पैटर्न दिखाई दे रहा है। अंजान लोग पहले बातचीत शुरू करते हैं। धीरे-धीरे पीड़ित को अपनी बातों में उलझाते हैं और कथित तौर पर ऐसी स्थिति पैदा कर देते हैं कि वह अपने कीमती सामान को लेकर असामान्य व्यवहार करने लगता है। हालांकि, ‘सम्मोहन’ का दावा जांच का विषय है और पुलिस ने अभी तक यह वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं किया है कि आरोपियों ने वास्तव में किसी सम्मोहन तकनीक का इस्तेमाल किया।
केस-1: महिला डॉक्टर की बात छेड़ी, पांच लाख के गहने उतरवा लिये
सुनीता देवी मेन रोड से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे महिला डॉक्टर के बारे में बातचीत शुरू की। बातचीत आगे बढ़ी और आरोप है कि कुछ ही देर में महिला ने अपने शरीर पर पहने करीब पांच लाख रुपये के सोने के गहने खुद उतारकर उस व्यक्ति को दे दिये। बाद में जब उन्हें घटना का एहसास हुआ तो उनके होश उड़ गये।
केस-2: मंदिर जाने के बहाने दुकान में पहुंचा शख्स
व्यवसायी नंद कुमार गुप्ता की दुकान पर एक व्यक्ति मंदिर जाने की बात कहकर खुल्ले पैसे मांगने पहुंचा। बातचीत के दौरान व्यवसायी को कुछ अजीब महसूस हुआ। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके सोने के आभूषण गायब हैं। इस घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
केस-3: एक लाख रुपये ले गया, कारोबारी देखता रह गया
एक कपड़ा व्यवसायी के साथ भी इसी तरह की घटना की कोशिश की गई। वहीं एक अन्य कारोबारी का दावा है कि एक व्यक्ति दुकान में आया और उसके सामने करीब एक लाख रुपये लेकर चला गया, लेकिन वह उस वक्त कुछ नहीं कर सका।
केस-4: स्वर्ण दुकान से 30 लाख के गहने!
फरवरी में गढ़वा शहर की एक स्वर्ण दुकान में दो युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने स्वर्ण व्यवसायी को बातचीत में इस तरह उलझाया कि कुछ ही सेकंड में करीब 30 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गये। इस घटना ने शहर के कारोबारियों में भी चिंता बढ़ा दी।
CCTV में कैद, फिर भी सुराग नहीं!
इन घटनाओं में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब कुछ वारदातें CCTV कैमरों में कैद हुई हैं, तो अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं? पीड़ितों ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पुलिस जांच का भरोसा तो देती है, लेकिन अब तक न आरोपी पकड़े गये और न लूटा गया सामान बरामद हुआ। लगातार एक जैसे तरीके से हो रही घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा दी है। गढ़वा पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में प्राथमिकी के आधार पर जांच चल रही है। अलग-अलग घटनाओं के पैटर्न को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंजान लोगों से दूरी बनाये रखें और उनके बहकावे में आकर बातचीत में न उलझें।








