Kohramlive : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पूरा देश भावुक हो उठा। रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली स्थित उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अटल जी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अटल जी एक असाधारण दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सुशासन और जनकल्याण का उनका विजन हमेशा देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।
अमित शाह बोले— राष्ट्रनिर्माण की अमिट प्रेरणा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुये कहा कि उन्होंने परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध और मूल्यों पर आधारित राजनीति के जरिए भारत को नई पहचान दिलाई। उनका नेतृत्व हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का भारतीय लोकतंत्र, सुशासन और राष्ट्रीय विकास में योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। यहां याद दिला दें कि 16 अगस्त 2018 को अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ था। उनकी स्मृति में हर वर्ष देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।








