Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण की खतरनाक दनुआ घाटी में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बोकारो से बिहार जा रहा ट्रेलर (JH09BB 1081) जोड़रही पुल के पास अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक पंकज कुमार (35), निवासी भोजपुर बिहार को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जोड़रही पुल अब हादसों का हॉटस्पॉट बन चुका है। पुल का डिवाइडर लंबे समय से टूटा हुआ है, लेकिन NHAI की ओर से अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का दावा है कि इस जगह अब तक सैकड़ों हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। लोगों का इल्जाम है कि अगर समय रहते पुल की मरम्मत होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के 15 अफसर बने IAS, घर-परिवार में खुशियां… देखें नाम






