Ranchi : झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने गुरुवार को एक साथ दो बड़े कदम उठाये। एक ओर 19 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, तो दूसरी ओर झारखंड पर्यटन को डिजिटल मंच पर नई पहचान दी। झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल उम्मीद की नियुक्ति हुई, बल्कि राज्य के पर्यटन भविष्य की भी नींव रखी गई। मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग में चयनित कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा, “आप सब आज से सरकार के भागीदार बन गये हैं। अब जिम्मेदारी है कि राज्य की बेहतरी में पूरी निष्ठा से योगदान दें।” उन्होंने जोर देकर कहा कि शहरीकरण की तेज़ रफ्तार को देखते हुये अब शहरों का योजनाबद्ध विकास समय की मांग है।
पर्यटन को मिली डिजिटल रफ्तार
कार्यक्रम में झारखंड टूरिज्म और JTDC के नये लोगो और वेबसाइट का भी अनावरण हुआ। साथ ही, राज्य कलाकारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने वाला CTMS ऐप लॉन्च किया गया और रांची के होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट द्वारा तैयार “Savouring Jharkhand” नामक व्यंजन पुस्तक का विमोचन भी किया गया। CM ने कहा, “झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से भरपूर है। अब वक्त है कि हम इसे देश-दुनिया के सामने पूरी ताकत से पेश करें।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि पर्यटन के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नये अवसर खुलेंगे।
मुख्य बिंदु एक नजर में
नगर विकास विभाग के 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान
JTDC का नया लोगो व वेबसाइट लॉन्च
CTMS ऐप का शुभारंभ, कलाकारों को मिलेगा डिजिटल मंच
Savouring Jharkhand पुस्तक का विमोचन
पर्यटन विकास पर विशेष फोकस: सुविधाएं, रोजगार, संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अलका तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।










