Garhwa(Nityanand Dubey) : रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़ने वाले तीन शातिर चोरों को गढ़वा पुलिस ने धर दबोचा। गढ़वा पुलिस कप्तान दीपक कुमार पांडेय के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने नाहर चौक के पास जाल बिछाया और आधी रात को घूम रहे तीन लोगों की हरकतों को भांप पुलिस ने तीनों को उठा लिया। गिरफ्तार दिलकश रौशन, सतीश कुमार विश्वकर्मा और लालबाबू राम ने अपना जुर्म कबूल करते हुये पुलिस को बताया कि उनलोगों ने गढ़वा, मझिआंव, मेराल, और सदर क्षेत्र में दर्जनों चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर लगभग 5 लाख के जेवर और 42 हजार 490 रुपये कैश बरामद किये। वहीं, चोरी के गहनों की खरीद-फरोख्त में लिप्त तीन सर्राफा व्यापारियों मुकेश कुमार सोनी, सुशील उर्फ पिंटू सोनी और कृष्णा सोनी को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उक्त शातिर चोरों ने अपनी तरकीब भी बताई, दिन में ये लोग अलग-अलग मोहल्लों में घूमकर उन घरों की रेकी करते, जिनके दरवाजों पर बाहर से ताले लगे होते और रात होते ही उन पर हाथ साफ कर देते। चोरी के गहनों को वे विश्रामपुर, गढ़वा और टंडवा के कुछ सर्राफा कारोबारियों को बेच देते थे।




