Jamshedpur : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में खुशियों की नई दस्तक हुई है। बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर को तीन शावकों को जन्म दिया। इनमें दो मादा और एक नर शावक है। तीनों को विशेष निगरानी में रखा गया है। पार्क प्रबंधन ने आम लोगों से इनके नाम सुझाने की अपील की है। नामकरण 25 अक्टूबर को होगा। पार्क के निदेशक नईम अख्तर के अनुसार, सुनैना पहली बार मां बनी है। एक मादा शावक को चोट लगने पर डॉक्टरों ने इलाज कर टांके लगाये। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है। उसका वजन करीब 1.8 किलो है। नर शावक का वजन 2.9 किलो और दूसरी मादा का 2.53 किलो है। तीनों की निगरानी डॉक्टरों और CCTV कैमरों के जरिये की जा रही है। सुनैना का जन्म इसी पार्क में हुआ था। वह डोना और कैलाश की बेटी है, जबकि शावकों का पिता बाघ रुद्र है, जिसे नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाया गया था। तीनों शावकों के जन्म के बाद पार्क में बाघों की संख्या नौ हो गई है।
ऐसे भेजें नाम के सुझाव
लोग तीनों शावकों के लिए नाम सुझाकर WhatsApp या मैसेज के जरिए 9438291637 पर भेज सकते हैं। नाम भेजने की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 है। पार्क की टीम तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन करेगी। विजेताओं को निःशुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न दिया जायेगा।






