Ramgarh : मां का साया सिर से उठ जाये, तो जीवन की राह कुछ सूनी-सी हो जाती है। मन यादों में उलझा रहता है और हर कोने में मां की कमी महसूस होती है। झारखंड के CM हेमंत सोरेन भी इन दिनों अपनी मां स्वर्गीय रूपी सोरेन के बिछड़ने के दुख से गुजर रहे हैं। लेकिन इस कठिन घड़ी में भी उनके सामने जरूरतमंदों की परेशानियां आयीं, तो उन्होंने संवेदना के साथ मदद का हाथ बढ़ाया। अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में श्राद्ध संस्कार की परंपराओं का निर्वहन करने पहुंचे CM हेमंत सोरेन ने दिव्यांगजनों की समस्याओं पर तत्काल ध्यान दिया। उन्होंने लख्खी राम मांझी और सुखदेव साव को अपने हाथों से ट्राई साइकिल प्रदान की, ताकि उनके लिये आवागमन की राह थोड़ी आसान हो सके।
दो जरूरतमंदों को मिली सहूलियत, आसान होगी जिंदगी की राह
CM हेमंत सोरेन के समक्ष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लख्खी राम मांझी, रामगढ़ के गोला प्रखंड के धोरधोरा निवासी हैं। वहीं, सुखदेव साव हजारीबाग जिले के चुरचू के रहने वाले हैं। दोनों दिव्यांगजनों की जरूरत को देखते हुये CM हेमंत सोरेन ने तत्काल पहल की और उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध करायी। मां को खोने का दुख किसी पद या प्रतिष्ठा से छोटा नहीं होता। ऐसे समय में इंसान खुद को संभालने की कोशिश करता है। CM हेमंत सोरेन भी अपनी मां की स्मृतियों के बीच हैं, लेकिन नेमरा में जरूरतमंदों की परेशानी सामने आयी, तो उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पहल की। मां की यादों से भरे इन भावुक दिनों में जरूरतमंदों के प्रति दिखाई गयी संवेदनशीलता ने सेवा और मानवीयता का भी संदेश दिया है।








