Garhwa(Nityanand Dubey) : कभी माओवादियों का ऐसा गढ़, जहां कदम रखने से पहले सुरक्षाबलों को भी कई बार रणनीति पर विचार करना पड़ता था, उसी बूढ़ा पहाड़ की तलहटी में एक बार फिर संदिग्ध सामान मिलने से हलचल तेज हो गयी है। तुरेर गांव के समीप घने जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को दो पुराने गैस सिलेंडर मिले हैं। आशंका जतायी जा रही है कि इनका इस्तेमाल बम बनाने के लिये किया जाना था। हालांकि, बरामद सिलेंडरों में विस्फोटक होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। खबर है कि आला अधिकारियों के निर्देश पर मिली सूचना के आधार पर CRPF और बड़गड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरेर गांव के समीप जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सुरक्षाबलों की नजर दो पुराने गैस सिलेंडरों पर पड़ी। दोनों सिलेंडर 14.5 किलोग्राम क्षमता के बताये गये हैं। पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर जंगल में किस उद्देश्य से रखे गये थे और उनका उग्रवादी गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस के दबाव में अधूरी रह गयी तैयारी?
गढ़वा के पुलिस SP आशुतोष शेखर ने मीडिया को बताया कि पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव के कारण उग्रवादी सिलेंडरों में बम फिट नहीं कर सके। इसी वजह से वे जमीन में दबे रह गये। हालांकि, सिलेंडरों में विस्फोटक होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिलेंडरों का वास्तविक इस्तेमाल क्या था।









