UP : गंगा किनारे बसे अमरोहा के हसनपुर में इन दिनों एक ऐसी शादी की चर्चा है, जिसने चौपाल से लेकर चौराहों तक हर जुबान पर एक ही सवाल ला दिया है, क्या ऐसा भी हो सकता है? सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तीन बहनों ने एक ही युवक के साथ शादी कर ली। खबर है कि यह शादी बीते 15 जुलाई को नगर के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर में हुई। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रील से शुरू हुई चर्चा, फिर पूरे इलाके में मच गई हलचल
हसनपुर में रील बनाने के शौकीन युवाओं की चर्चाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग ही है। वायरल वीडियो में दो सगी और एक चचेरी बहन एक युवक के साथ बैठी दिखाई दे रही हैं। तीनों सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय बताई जा रही हैं और यही वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में एक युवती दावा करती है कि पिता ने एक बहन का रिश्ता तय कर दिया था, लेकिन तीनों बहनों का आपसी लगाव इतना गहरा था कि वे एक-दूसरे से अलग होने की कल्पना भी नहीं कर पा रही थीं। उनका कहना है कि उन्होंने परिवार से ऐसे घर की तलाश करने को कहा था, जहां तीन भाई हों और तीनों की शादी एक ही परिवार में हो सके। जब ऐसा नहीं हुआ तो वे बेहद निराश हो गईं। इसी दौरान इलाके के एक युवक ने उन्हें समझाया और सहारा दिया। इसके बाद तीनों ने उसी युवक को अपना पति स्वीकार करने का फैसला किया।
नई रील भी हुई वायरल
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम यह अनोखा जोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी के आवास भी पहुंचा। वहां अध्यक्ष की पत्नी के साथ बनाई गई एक रील भी सोशल मीडिया पर खूब देखी और साझा की जा रही है, जिससे इस पूरे मामले की चर्चा और तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर इस कथित शादी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर विरोध भी शुरू हो गया है। कुछ लोगों का कहना है कि यह शादी सनातन परंपरा और सामाजिक व्यवस्था के विरुद्ध है। उनका कहना है कि हिंदू धर्म में एक साथ इस तरह के विवाह की मान्यता नहीं है और ऐसे मामलों का विरोध किया जायेगा। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार की शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कराकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जायेगी।
इसे भी पढ़ें : WhatsApp में अब PDF डाउनलोड करने की नहीं पड़ेगी जरूरत…
इसे भी पढ़ें : इन 5 चीजों का दान भी माना गया है बेहद शुभ, बदल सकती है जीवन की दिशा…
इसे भी पढ़ें : IT की दुनिया का सबसे महंगा ‘बॉस’ बना यह इंजीनियर…
इसे भी पढ़ें : आखिर क्यों फटते हैं बादल, इसके पीछे का विज्ञान… जानें
इसे भी पढ़ें : जहां सदियों से नहीं बुझी चिता की अग्नि, रहस्य जान रह जायेंगे हैरान…







